Blog

सप्तशक्ति संगम का भव्य समापन, नारी के सात गुणों से गूंजा ऋषिकेश एवं गढ़वाल*

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित गढ़वाल क्षेत्रीय “सप्तशक्ति संगम” कार्यक्रम का गरिमामय समापन उत्साह और प्रेरणा के वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में गढ़वाल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आई छात्राओं और शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता कर नारी शक्ति के विविध आयामों को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मोनिका मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज की दिशा निर्धारित करने वाली सृजन शक्ति है। उन्होंने कहा कि जब महिला अपने भीतर निहित स्मृति, मेधा और धृति जैसे गुणों को पहचानती है, तब वह हर चुनौती को अवसर में बदलने की क्षमता रखती है। कार्यक्रम अध्यक्ष भावना आडवाणी ने नारी के क्षमा, करुणा और सहनशीलता को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि यही गुण परिवार और समाज को जोड़कर रखते हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और नेतृत्व की भूमिका निभाने का संदेश दिया। मुख्य वक्ता डॉ. विद्योतमा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में नारी के सात गुण स्मृति, मेधा, धृति, क्षमा, करुणा, साहस और नेतृत्व—को जीवन के सात दीप बताते हुए कहा कि इन गुणों का संतुलन ही एक सशक्त समाज का निर्माण करता है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ संस्कारों को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन की वाहक बनें। कार्यक्रम संयोजिका यशोदा भारद्वाज ने बताया कि “सप्तशक्ति संगम” का उद्देश्य छात्राओं में संस्कार, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है, ताकि वे भविष्य में समाज के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दे सकें। समापन अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, समूह चर्चा और अनुभव साझा सत्रों ने कार्यक्रम को और भी प्रभावी बना दिया। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इस आयोजन से नारी शक्ति के प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना और मजबूत होगी।

यह आयोजन गढ़वाल क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण के संदेश को नई ऊर्जा देने वाला साबित हुआ। संजू शर्मा के चले कार्यक्रम संचालन में पूनम अनेजा, तृप्ति भास्कर, अनिता रयाल,सरोज कपरवान परवान, नीलम रतूड़ी, एवं महिला शक्ति अन्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button