Blog

विधायक प्रेमचंद ने विद्युत विभाग के विभागीय अधिकारियों की ली बैठक

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना सहित विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था, भूमिगत की जा रही विद्युत लाइनों तथा बिजली से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अग्रवाल ने अधिकारियों से क्षेत्र में भूमिगत होने वाली विद्युत लाइनों के संबंध में विस्तार से जानकारी लेते हुए कार्य की प्रगति निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का कोई भी परिवार बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे। विद्युत कनेक्शन देने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा पात्र लोगों को समय पर कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। विधायक ने विशेष रूप से गढ़ी क्षेत्र (52 बीघा) में बिजली कनेक्शन से संबंधित आ रही परेशानियों का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को इनका शीघ्र निवारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को अनावश्यक रूप से विभागीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
अग्रवाल ने विद्युत लाइनों का ऑडिट कराने के निर्देश देते हुए कहा कि पुरानी एवं जर्जर विद्युत लाइनों की स्थिति का परीक्षण किया जाए तथा जहां आवश्यक हो, वहां सुधारात्मक कार्य तत्काल कराए जाएं। उन्होंने विद्युत विभाग द्वारा ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की भी जानकारी ली और कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा है । उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सुरक्षित, सुचारु और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मौके पर उपखंड अधिकारी ऋषिकेश गुरदीप सिंह, उपखंड अधिकारी शैली विहार रूपेश छेल, सहायक अभियंता अशोक कुमार सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button