पारदर्शिता से हो रहे हैं सभी विकास कार्य : नीलम निजल्वाण
जनहित और विकास ही प्राथमिकता: पालिकाध्यक्ष

मुनिकीरेती ( राव शहजाद ) । नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम निजल्वाणे ने पत्रकार वार्ता में अपने तथा पालिका प्रशासन पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें राजनीतिक द्वेष और दुर्भावना से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लगातार उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता का विश्वास और पारदर्शी कार्यप्रणाली ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। अध्यक्ष नीलम निजल्वाण ने कहा कि वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में प्रदेश में सर्वाधिक मतों से विजयी हुई हैं। इसी कारण कुछ लोग चुनाव के बाद से ही उनसे रंजिश रखते हैं और समय-समय पर प्रदर्शन व सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार करते रहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में हुए दो टेंडरों में सभी प्रक्रियाएं अधिप्राप्ति नियमावली-2025 के अनुसार संपन्न की गईं। कूड़ा घर में सुरक्षा दीवार व आरसीसी निर्माण कार्य में 13 निविदादाताओं ने भाग लिया।
शीशमझाड़ी सामुदायिक भवन निर्माण में भी 13 निविदादाताओं ने भागीदारी की। दोनों मामलों में एक से अधिक तकनीकी रूप से योग्य निविदादाता पाए गए, जिसके बाद ही वित्तीय बिड खोली गई। अध्यक्ष ने बताया कि कूड़ा घर निर्माण कार्य 19 प्रतिशत कम दर पर तथा सामुदायिक भवन निर्माण 18.02 प्रतिशत कम दर पर प्राप्त हुआ। इससे नगर पालिका को लाखों रुपये की बचत हुई। उन्होंने कहा कि क्या इतनी पारदर्शिता के बाद भी कोई टेंडर फिक्स होने का आरोप लगा सकता है? उन्होंने स्पष्ट किया कि निविदाओं को निरस्त या स्वीकार करने का अधिकार निविदा समिति को है, जो नियमों में स्पष्ट रूप से निहित है। पूर्व में भी कई निविदाएं प्रशासनिक कारणों से निरस्त की गई हैं।
पार्किंग टेंडर से बढ़ा पालिका का राजस्व अध्यक्ष ने बताया कि कुंभ मेला पार्किंग टेंडर को राजस्व हानि की आशंका के चलते निरस्त किया गया था। पुनः निविदा आमंत्रित होने के बाद अधिक धनराशि प्राप्त हुई, जिससे पालिका को लाभ हुआ और राज्य वित्त आयोग से मिलने वाले अनुदान में लगभग 50 लाख रुपये की वृद्धि हुई। वही पूर्व सभासद अनुराग पयाल पर टिप्पणी करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि जिन लोगों पर स्वयं अतिक्रमण के आरोप हैं, वे दूसरों पर आरोप लगाकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। अंशुल रावत द्वारा लगाए गए 11 लाख रुपये की घूस के आरोप को अध्यक्ष ने निराधार बताया।

उन्होंने कहा कि यदि इसे सिद्ध नहीं किया गया तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगी। सभी कार्य पारदर्शिता, नियमों और ईमानदारी के साथ किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के लिए झूठा प्रचार कर रहे हैं, लेकिन जनता सच्चाई जानती है। नगर पालिका विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रही है ।




























