कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने देशभर से आए महापौरों को पवित्र गंगाजली भेंट कर किया विदा
तीर्थनगरी में ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स' की 117वीं बैठक का हुआ समापन

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । तीर्थनगरी में आयोजित ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स’ की दो दिवसीय 117वीं बैठक का आज, गुरुवार को होटल नटराज में अत्यंत भव्यता और गौरवपूर्ण माहौल में समापन हो गया । नगर निगम ऋषिकेश की मेजबानी में आयोजित इस दो दिवसीय राष्ट्रीय महाधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से आए 50 से अधिक नगर निगमों के महापौरों और जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया, जहां उन्होंने शहरी विकास, स्थानीय निकायों के सुदृढ़ीकरण और नागरिक सुविधाओं को वैश्विक स्तर का बनाने हेतु महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मंथन किया । बता दे सम्मेलन के दूसरे और अंतिम दिन आयोजित समापन सत्र एवं ‘अतिथि सम्मान समारोह’ में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की । मुख्य अतिथि मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि स्थानीय नगर निकाय हमारे लोकतंत्र की रीढ़ हैं और बदलते भारत की तस्वीर संवारने में हमारे महापौरों की भूमिका सबसे अग्रिम है । उन्होंने ऋषिकेश नगर निगम को इस सफल और ऐतिहासिक आयोजन के लिए विशेष बधाई दी । बता दे की पवित्र भेंट से झलकी देवभूमि की संस्कृति देखने को मिली । समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं नगर निगम ऋषिकेश द्वारा देश के सुदूर कोनों से आए सभी सम्मानित महापौरों को देवभूमि की पावन स्मृति के रूप में आस्था व शुद्धता के प्रतीक स्वरूप ‘पवित्र गंगाजली’ भेंट की गई । सभी महापौरो ने ऋषिकेश की इस अद्भुत आवभगत की सराहना की । समापन के अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश महापौर शम्भू पासवान ने देशभर से आए सभी अतिथियों, पुलिस-प्रशासन, मीडिया बंधुओं और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों का इस दो दिवसीय आयोजन को सफल बनाने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया ।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में लिए गए निर्णय देश के शहरी विकास में मील का पत्थर साबित होंगे ।
[banner id="1202"]





























