Blog

आबकारी विभाग ने अवैध शराब पर की छापेमारी

ऋषिकेश । अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीम लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में बीते बुधवार को आबकारी विभाग ऋषिकेश की टीम ने ग्राम गुमानीवाला क्षेत्र में छापेमारी की। यह कार्रवाई ग्रीन चिली रेस्टोरेंट एवं जे जे ग्लास फैक्ट्री के पास की गई, जहां अवैध रूप से शराब बेचने की सूचना प्राप्त हुई थी।बता दे छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान विकास पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी चमियाला टिहरी गढ़वाल (हाल पता गुमानीवाला) तथा सुनीता पत्नी लटूरी सिंह, निवासी तुलसी विहार श्यामपुर के रूप में हुई है।आबकारी टीम द्वारा की गई तलाशी में अभियुक्तों के कब्जे से कुल 40 पाउच माल्टा तथा 15 पव्वे इंपीरियल ब्लू व्हिस्की बरामद की गई। बरामद शराब अवैध रूप से बिक्री हेतु रखी गई थी। मौके पर ही दोनों के विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है । आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री की सूचना हो तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button