Blog

गाडू घड़ा यात्रा का है विशेष धार्मिक महत्व : अग्रवाल

ऋषिकेश । विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने पवित्र बद्रीनाथ धाम की ऐतिहासिक एवं पारंपरिक तेल कलश (गाडू घड़ा) यात्रा में ऋषिकेश पहुँचने पर सहभागिता की। यह यात्रा भगवान बद्री विशाल के कपाट खुलने से पूर्व आयोजित की जाने वाली एक महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा है साथ ही बद्री-केदार समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से मुलाक़ात की एंव परमपूज्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का आशीर्वाद लिया है । इस अवसर पर अग्रवाल ने बताया कि गाडू घड़ा यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है। इस परंपरा के अंतर्गत नरेंद्र नगर राजमहल से टिहरी की महारानी के मार्गदर्शन में रानी सहित सुहागिन महिलाएं तिलों का पवित्र तेल लेकर विभिन्न स्थानों से होते हुए बद्रीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करती हैं। यह तेल भगवान बद्री विशाल के अभिषेक हेतु उपयोग में लाया जाता है, जिससे आगामी छह माह तक नियमित पूजा-अर्चना संपन्न होती है।उन्होंने कहा कि इस पवित्र यात्रा की शुरुआत राजमहल नरेंद्रनगर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं तिलों के तेल के संग्रहण के साथ होती है। इसके पश्चात यह पावन कलश यात्रा विभिन्न स्थानों से होते हुए बद्रीनाथ धाम पहुंचती है, जहां कपाट खुलने के बाद भगवान का अभिषेक इसी तेल से किया जाता है।
अग्रवाल ने कहा कि यह यात्रा हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है, जो समाज में आस्था, श्रद्धा एवं एकता का संदेश देती है।

उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना करते हुए सभी श्रद्धालुओं को इस पावन अवसर की शुभकामनाएं दीं।


Related Articles

Back to top button