आगामी चारधाम यात्रा एवं शहर की व्यवस्थाओं को लेकर की बैठक

ऋषिकेश । आगामी चारधाम यात्रा को सुगम बनाने, शहर को स्वच्छ रखने और अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम कार्यालय, I.S.B.T. परिसर में महापौर शंभू पासवान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई । बैठक में चारधाम यात्रा के दौरान बाहरी क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों /श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष चर्चा की गई । बैठक को संबोधित करते हुए महापौर श्री शंभू पासवान जी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि “चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों /श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी प्राथमिकता है । जिन भी यात्रियों /श्रद्धालुओं की ऋषिकेश में होटल बुकिंग है या जो भी यात्री /श्रद्धालु सीधे ऋषिकेश नगर क्षेत्र में आना चाहते हैं, उन्हें किसी भी मार्ग से डाइवर्ट (मार्ग परिवर्तन) नहीं किया जाए। उन्हें सीधे ऋषिकेश आने दिया जाए, ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो ।”
बैठक में शहर के मुख्य मार्गों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और बिना अनुमति के लगी रेड़ी-ठेली के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए गए । स्वच्छ सर्वेक्षण के दृष्टिगत शहर में पॉलीथीन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध और सी0एन0डी0 वेस्ट के सही निस्तारण पर जोर दिया गया । विज्ञापन बोर्डों और होर्डिंग्स के कारण यातायात में होने वाली बाधाओं को हटाने के निर्देश दिए गए । बैठक में पुलिस प्रशासन, ए.आर.टी.ओ., मंडी समिति, व्यापार मंडल और विभिन्न परिवहन यूनियनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया ताकि यात्रा काल में तालमेल बना रहे ।

बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम ऋषिकेश गोपाल राम बिनवाल, एआरटीओ रश्मि पंत, मंडी समिति से देवेंद्र कुमार, जय प्रकाश नारायण, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि सुरेन्द्र सिंह गुनसोला, अन्नत राम भट्ट, टैक्सी-ऑटो यूनियन के पदाधिकारी अमर सिंह रावत, हेमन्त डंग, विजेन्द्र कण्डारी मौजूद रहे ।
































