Blog

अतिक्रमण पर नगर निगम की सख्ती: 80 से अधिक अस्थायी झोपड़ियों को किया ध्वस्त

हरिद्वार ( राव शहजाद ) । नगर निगम हरिद्वार द्वारा रोड़ी बेलवाला एवं घाट क्षेत्र में वृहद स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रशासन की सख्ती के तहत क्षेत्र में अवैध रूप से स्थापित 80 से अधिक अस्थायी झोपड़ियों को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त किया गया। रोड़ी बेलवाला के प्लाटों पर किए गए इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना एवं क्षेत्र में सुव्यवस्था स्थापित करना रहा। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम मौके पर पूर्ण रूप से उपस्थित रही और अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। अतिक्रमण हटाने के तुरंत बाद विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया, जिसमें 10 टन से अधिक कचरा एकत्र कर निस्तारण हेतु भेजा गया। इससे क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में अभियान का नेतृत्व मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा द्वारा किया गया। घाट क्षेत्र में कार्रवाई मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई वहीं, हर की पैड़ी क्षेत्र में स्वच्छता निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल द्वारा विशेष सफाई अभियान संचालित किया गया।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की धार्मिक एवं पर्यटन महत्ता को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण और गंदगी के विरुद्ध ऐसी कार्रवाइयाँ आगे भी निरंतर जारी रहेंगी। स्वच्छ एवं व्यवस्थित हरिद्वार के संकल्प को साकार करने की दिशा में नगर निगम प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button