Blog

केंद्रीय बजट 2026 पारंपरिक ढर्रे से हटकर देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला बजट : अग्रवाल

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बिश्नोई धर्मशाला, ऋषिकेश में भाजपा ओबीसी मोर्चा जिला ऋषिकेश द्वारा आयोजित केंद्रीय बजट 2026 श्रमिक संवाद कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रमिक बंधु उपस्थित रहे। अग्रवाल ने कहा कि पूर्व में रेल बजट और सामान्य बजट अलग-अलग प्रस्तुत किए जाते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब एकीकृत बजट की परंपरा स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि अवकाश दिवस होने के बावजूद बजट प्रस्तुत किया जाना सरकार की प्रतिबद्धता और कार्यसंस्कृति को दर्शाता है।अग्रवाल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 पारंपरिक ढर्रे से हटकर देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला बजट है। इसमें बुनियादी ढांचे के निर्माण के साथ-साथ वित्तीय अनुशासन पर विशेष बल दिया गया है। एमएसएमई उद्योगों को सक्षम बनाने हेतु 10 हजार करोड़ रुपये के फंड का प्रावधान किया गया है तथा टैक्स संबंधी नियमों का सरलीकरण किया गया है। बजट के माध्यम से स्मार्टफोन, लेदर, मखाना, बादाम, अखरोट एवं व्यक्तिगत उपयोग की आयातित दवाइयों को सस्ता किया गया है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 में उत्तराखंड को पर्वतीय विकास, पर्यटन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में विशेष लाभ प्राप्त होंगे। जड़ी-बूटी की खेती से किसानों की आय बढ़ाने, आयुष आधारित मेडिकल टूरिज्म को प्रोत्साहन देने तथा 40,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के माध्यम से राज्य के विकास को गति मिलेगी। साथ ही 16वें वित्त आयोग के तहत राज्य को लगभग 1,800 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता मिलने की संभावनाओं पर भी उन्होंने प्रकाश डाला है । ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य ने कहा कि बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने हेतु प्रत्येक जिले में छात्रावास की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट महिलाओं की समान भागीदारी और सशक्तिकरण का प्रतीक है। कार्यक्रम के संयोजक ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष राजपाल ठाकुर रहे।

मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य, जिला अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा राजपाल ठाकुर, प्रदेश महामंत्री ओबीसी मोर्चा राजवीर कश्यप, प्रदेश उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा सतपाल सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश पाल, प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा कविता शाह, मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश मनोज ध्यानी, जिला उपाध्यक्ष भाजपा पुष्पा ध्यानी, पार्षद माधवी गुप्ता, पार्षद अजय दास, ज्योति पांडे, सुमित पवार, राजू शर्मा, नितिन सक्सेना एवं रूपेश गुप्ता सहित अन्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button