नगर पालिका मुनिकीरेती की बोर्ड बैठक में विकास, सुरक्षा और मेला तैयारियों पर हुआ मंथन

मुनिकीरेती ( राव शहजाद )। नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्रान्तर्गत समस्यों के निस्तारण हेतु पालिकाअध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट और सभासदगणों ने विभिन्न विभागों जल संस्थान, पेयजल निगम, सिंचाई विभाग, पुलिस विभाग व विद्युत विभाग के के आला अधिकारियों के साथ बोर्ड बैठक आयोजित की। मंगलवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण व सभासगणों ने बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों को क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया। इसके बाद माह अप्रैल से जून तक के आय-व्यय के अनुमोदन पर चर्चा की गई। आगामी कांवड़ मेला, कुंभ मेला की तैयारियों व वर्षा ऋतु के दौरान होने वाली आकस्मिक क्षति को लेकर विचार विमर्श किया गया। इसके साथ ही नगर क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों व लघु निर्माण कार्यों पर की दरों में होने वाले विचलनों पर भी चर्चा की गई।

——–
विद्युत विभाग से सभासदों की शिकायतें
वार्ड 03 के सभासद सचिन रस्तोगी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से लोगों को स्मार्ट मीटर लगाए जाने हेतु जागरूक करने के लिए कहा। वार्ड 10 के सभासद विनोद सकलानी ने बताया कि कई बार अधिक वोल्टेज के कारण श्रीदेव सुमन मार्ग व बहुगुणा मार्ग ढालवाला में रहने वाले घरों में पंखे, टी वी, फ्रिज फूंख गए हैं। इस पर अवर अभियंता देवेश अवस्थी ने बताया कि सभी लाइनों को अंडरग्राउंड किया जा रहा है। खुली जगहों पर रखे ट्रांसफार्मरों को जल्द शिफ्ट करने का कार्य शुरू किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने सभी सभासदों से सहयोग की अपील की।
———
बोर्ड बैठक में सभासदों की ओर से रखे गए प्रस्ताव
वार्ड 02 के सभासद विनोद खंडूडी ने आस्था पथ में क्षतिग्रस्त शौचालय को शीघ्र बंद किए जाने की मांग रखी, कहा कि इस कारण अनहोनी हो सकती है। वार्ड 03 के सभासद सचिन रस्तोगी ने डाॅ पुंडीर से जेठुडी के घर तक नाली का निर्माण किए जाने, गली नंबर 04 व 05 के निर्माण का प्रस्ताव रखा। वार्ड 04 के सभासद ब्रिजेश गिरी ने शीशम झाड़ी में नई कूड़ा गाड़ी लगाए जाने का प्रस्ताव रखा, साथ ही पालिका में एक सुरक्षा गार्ड की तैनाती की भी मांग की। वार्ड 05 के सभासद लक्ष्मण भंडारी ने ऋषिकेश व मुनिकीरेती में एक पुराने सीमा विवाद के निस्तारण शीघ्र किए जाने का प्रस्ताव रखा। वार्ड 06 की सभासद बबीता रमोला ने नगर क्षेत्र में लगातार निराश्रित पशुओं की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए उनको गौशाला भेजने का प्रस्ताव रखा। वार्ड 07 के सभासद गजेंद्र सजवाण ने 14 बीघा पुल पर सुंदरता बढ़ाने के लिए फेंसिंग किए जाने, 14 बीघा पुल से भैरो मंदिर पंपिंग स्टेशन के समीप तक वाहनों के पार्किंग निर्माण, कंडारी काम्पलेक्स के समीप वाॅटर कूलर लगाए जाने व राज्य आंदोलनकारियों हेतु स्थान को चिन्हित किए जाने का प्रस्ताव रखा।
मौके पर सभासद मीनू गोडियाल, विनोद खंडूडी, सचिन रस्तोगी, ब्रिजेश गिरी, लक्ष्मण भंडारी, बबीता रमोला, गजेंद्र सिंह सजवाण, स्वाति पोखरियाल, रेखा पैन्यूली, विनोद सकलानी, निशा नेगी, सहायक अभियंता पेयजल निगम भूषण सिंह, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग दर्मियान सिंह असवाल, अवर अभियंता विद्युत विभाग देवेश अवस्थी, पुलिस उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह रावत, अवर अभियंता जल संस्थान प्रमोद हटवाल, प्रशासनिक अधिकारी दिनेश कृषाली, लेखाकार प्रद्युमन कृषाली, अवर अभियंता सचिन, कर अधीक्षक अनुराधा गोयल, मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सफाई निरीक्षक कमल चैहान, कर निरीक्षक आकाश अग्रवाल, लिपिक संजय सिंह, अमित सिंह नेगी, अनुज, आकाश कैंतूरा, प्रकाश अवस्थी, कल्याण सिंह नेगी सहित अन्य उपस्थित रहे।
[banner id="1202"]





























