छिद्दरवाला मे तिरंगा यात्रा का किया गया भव्य आयोजन

रायवाला ( राव शहजाद ) । ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के छिद्दरवाला में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ ओणेश्वर महादेव मंदिर से हुआ, जो मुख्य मार्ग से होते हुए वन चौकी के समीप पहुंचकर संपन्न हुई। तिरंगा यात्रा के दौरान प्रेमचंद अग्रवाल ने स्वयं दोपहिया वाहन चलाकर यात्रा की अगुवाई की। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा केवल कपड़ा मात्र नहीं है, बल्कि यह भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे में देश के गौरव, बलिदान, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना निहित है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना होनी चाहिए। अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों एवं प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना तथा देश की एकता एवं अखंडता के प्रति संकल्प को सुदृढ़ करना है।

मौके पर रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, मंडल महामंत्री मनोज डंगवाल, पूर्व ग्राम प्रधान सोबन कैंतुरा, पूर्व सैनिक अंबर गुरुंग, उप प्रधान उत्तम भंडारी, अनीता राणा, शमा पंवार, सुनीता नेगी, हुकुम रांगड़, फूल सिंह बगियाल, अजय साहू, अंबर खत्री, सचिता खत्री, संगीता गुरुंग, पर्मिला बिष्ट सहित अन्य उपस्थित रहे।
[banner id="1202"]





























