यहां : एबीवीपी से टिकट नही तो भरा निर्दलीय पर्चा , इन संगठनों ने दिया समर्थन

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । ऋषिकेश प्रेस क्लब में वैभव रावत ने पत्रकारों से वार्ता कर कहा कि वह पिछले पांच वर्षों से कॉलेज में रहकर लगातार छात्र हितों के मुद्दे उठाते और उनके समाधान के लिए काम करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि एबीवीपी के पदाधिकारियों की ओर से अध्यक्ष पद के टिकट को लेकर लगातार आश्वासन दिए जाने के बाद उन्होंने दावेदारी की थी, लेकिन अंतिम समय में टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया। बता दे वैभव रावत ने आरोप लगाया कि छात्र संघ चुनाव में उनके पक्ष में लगाए गए होर्डिंग, बैनर और पोस्टर नष्ट कराए गए। उन्होंने इसके लिए भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। हालांकि, ये आरोप उनके द्वारा लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों का समर्थन और जीत मिलती है तो कॉलेज में खेल मैदान की व्यवस्था, खेलकूद सुविधाओं में सुधार, शौचालयों की समस्या का समाधान और विद्यार्थियों के लिए मुफ्त वाई-फाई जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। वैभव रावत ने कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बावजूद एबीवीपी के प्रत्याशी द्वारा फ्रेशर पार्टी आयोजित की गई। उन्होंने मामले की जांच कर संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पत्रकार वार्ता के दौरान विभिन्न छात्र संगठनों की ओर से वैभव रावत को समर्थन पत्र सौंपे गए। आर्यन ग्रुप, उत्तराखंड क्रांति दल, स्वाभिमान मोर्चा, एनएसयूआई, सत्यम शिवम छात्र संगठन देहरादून तथा जय हो छात्र संगठन श्रीनगर ने उनके समर्थन की घोषणा की।

मौके पर जिला पंचायत सदस्य पुष्पा रावत,उत्तराखंड क्रांति दल नेता दिनेश चंद्र मास्टर, उत्तराखंड युवा मोर्चा के जगदीश चंद्र पवार, श्रीनगर के छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु भंडारी, ऋषिकेश महाविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष हिमांशु जाटव, मानसी सती , पूर्व महासचिव मानवेंद्र मिश्रा सहित अन्य मौजूद रहे।
[banner id="1202"]





























