श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में हुआ एकदिवसीय विशेष शिविर आयोजित
मोबाइल नहीं, मैदान चुनें बच्चे: डॉ. राजे नेगी

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । हरिद्वार रोड स्थित श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एकदिवसीय विशेष शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवियों ने कॉलेज परिसर में सघन स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया और परिसर में फैली गंदगी का उचित निस्तारण कर समाज को स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के एनएसएस सभागार में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुई। इसके उपरांत आयोजित बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. राजे नेगी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. नेगी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को स्क्रीन से बाहर निकलकर खेल के मैदानों का रुख करना चाहिए। उन्होंने बच्चों से ‘मोबाइल नहीं, मैदान चुनें’ का आह्वान करते हुए मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले शारीरिक व मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को नेत्र रोगों के लक्षण, कारण, बचाव के उपाय और आंखों की नियमित देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण चिकित्सीय परामर्श दिए। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संजीव चौधरी ने कहा कि एनएसएस स्थापना दिवस पर देशभर में ऐसे शिविरों का आयोजन विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन और जनजागरूकता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से किया जाता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ परिसर और स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है।

मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी, उप प्रधानाचार्य एवं एनसीसी अधिकारी लखविंदर सिंह, प्रवक्ता एसपी बहुगुणा, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, विकास नेगी, अजय कुमार, संजीव कुमार, रंजन अंथवाल, जयकृत रावत, ज्योति शर्मा, शालिनी कपूर सहित अन्य उपस्थित रहे।
[banner id="1202"]





























