Blog

मुख्यमंत्री धामी ने 50वें श्री मां कुंजापुरी एवं पर्यटन एवं विकास मेले का किया शुभारंभ

रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर, मेला समिति की मांगों को दी स्वीकृति

नरेन्द्रनगर । सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले ने अपनी गौरवशाली यात्रा के 50 वर्ष के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वर्ण जयंती के इस ऐतिहासिक अवसर पर रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामलीला मैदान नरेन्द्रनगर में मेले का विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। ढोल-नगाड़ों, पुलिस बैंड और सांस्कृतिक झांकियों के बीच मेले का भव्य आगाज हुआ है । मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्रवासियों को स्वर्ण जयंती की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 50 साल की इस यात्रा को यहां तक पहुंचाने में स्थानीय जनता, आयोजकों और क्षेत्रवासियों का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि मेले केवल मनोरंजन के साधन नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संरक्षित करने के सशक्त मंच हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का अवसर देते हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं पर विशेष फोकस किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनना चाहिए। इसके लिए कौशल विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वरोजगार को बढ़ावा देना जरूरी है। प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के मेले स्थानीय उत्पादों को बाजार देते हैं, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करते हैं। मेला समिति की मांगों को मिली हरी झंडी:- कार्यक्रम के दौरान मेला समिति द्वारा मुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंपा गया, जिस पर मुख्यमंत्री ने अपनी स्वीकृति प्रदान की। मांगों को स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में पर्यटन विकास और मेले के भविष्य को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। वहीं दूसरी ओर मेले के शुभारंभ कार्यक्रम से पहले सियासी हलचल भी देखने को मिली। मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व नगर कांग्रेस ने जिलाधिकारी टिहरी को शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर मांगपत्र सौंपा। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 50वें स्वर्ण जयंती समारोह में पूर्व विधायक और पूर्व जनप्रतिनिधियों को निमंत्रण नहीं दिया गया। इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया है । इस अवसर पर सीएम धामी ने सभी को शरदीय नवरात्रि एवं अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस की भी शुभकामनाएं दी है।

मौके पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, नगर पालिका अध्यक्ष एवं मेला समिति अध्यक्ष राजेन्द्र विक्रम सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, कुंवर सिंह चौहान, मेले के संस्थापक एस.एस. पांगती, ऋषिकेश महापौर शंभू पासवान, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनिता बिष्ट, जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे सहित अन्य उपस्थित रहे ।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button