श्रीरामलीला मंचन के लिए मार्गदर्शिका बनेगी लोक कल्याण समिति की पुस्तक

हरिद्वार। लोक कल्याण समिति (पंजीकृत), प्रतीतनगर, रायवाला द्वारा तैयार की गई श्रीरामलीला महोत्सव की विशेष पुस्तक का विमोचन हरिद्वार स्थित श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े में विधिवत रूप से किया गया। पुस्तक का विमोचन अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट, हरिद्वार के अध्यक्ष, श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े के सचिव, अखिल भारतीय सनातन परिषद के संस्थापक अध्यक्ष तथा रामानंद इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड मैनेजमेंट, हरिद्वार के चेयरमैन श्री महंत डॉ. रविंद्र पुरी जी महाराज के करकमलों से संपन्न हुआ। लोक कल्याण समिति के प्रवक्ता एवं श्रीरामलीला महोत्सव के मुख्य मंच उद्घोषक विरेन्द्र नौटियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि समिति द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक का मुख्य उद्देश्य श्रीरामलीला मंचन की परंपरा को व्यवस्थित एवं सरल बनाना तथा अधिक से अधिक धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं को रामलीला के आयोजन के लिए प्रेरित करना है। पुस्तक में रामलीला मंचन से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण जानकारियों को संकलित किया गया है, जिससे श्री रामलीला आयोजन करने वाली समितियों को विशेष लाभ मिलेगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने पुस्तक की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि लोक कल्याण समिति द्वारा अत्यंत सुंदर, सुव्यवस्थित एवं उपयोगी पुस्तक तैयार की गई है। यह पुस्तक देशभर की उन श्री रामलीला समितियों एवं आयोजकों के लिए एक महत्वपूर्ण मार्गदर्शिका साबित होगी, जो अपने-अपने क्षेत्रों में श्री रामलीला का मंचन करवाते हैं। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में श्री रामलीला के विभिन्न दृश्यों, मंचन के क्रम, पर्दों के संचालन, पर्दा कहां लगेगा, कब खुलेगा तथा मंच पर किस दृश्य को किस प्रकार प्रस्तुत किया जाएगा, जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों को विस्तारपूर्वक संकलित किया गया है। इससे श्री रामलीला आयोजन करने वाली समितियों, निर्देशकों एवं कलाकारों को मंचन की बारीकियां समझने और रामलीला को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने में विशेष सहायता मिलेगी। वही महंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने देशभर की रामलीला समितियों एवं विशेषकर युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे लोक कल्याण समिति से इस पुस्तक को प्राप्त करें और इसमें दी गई जानकारियों का लाभ उठाकर अपने-अपने क्षेत्रों में श्री रामलीला का मंचन करें। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, सत्य एवं धर्म के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। रामलीला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कारों एवं आदर्श जीवन मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने लोक कल्याण समिति के इस अभिनव एवं सांस्कृतिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से श्री रामलीला की गौरवशाली परंपरा को नई दिशा एवं नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने समिति के सभी पदाधिकारियों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।अंत में लोक कल्याण समिति के प्रवक्ता विरेन्द्र नौटियाल ने सभी संत-महात्माओं एवं गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति भविष्य में भी धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करती रहेगी।

मौके पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के सचिव महंत राज गिरि महाराज, लोक कल्याण समिति के प्रवक्ता एवं श्रीरामलीला महोत्सव के मुख्य मंच उद्घोषक विरेन्द्र नौटियाल , कोषाध्यक्ष मुकेश तिवाड़ी, श्रीरामलीला महोत्सव के मुख्य निर्देशक महेंद्र सिंह राणा, गढ़वाल की पीड़ा समाचार पत्र के संपादक अनिल रावत सहित अन्य उपस्थित रहे।
[banner id="1202"]






































