Blog

सफलता का रास्ता अनुशासन से होकर जाता है : नरेन्द्र खुराना

ऋषिकेश। शिक्षक नरेन्द्र खुराना ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी को लेकर प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया से दूरी बनाकर ही छात्र अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी जितना समय मोबाइल स्क्रीन पर व्यतीत करता है, उतना ही समय यदि पुस्तकों को दे दे तो सफलता उसके कदम चूमेगी। समय का सही विभाजन, नियमित अध्ययन और आत्मअनुशासन ही उज्ज्वल भविष्य की नींव है। नरेन्द्र खुराना ने विद्यार्थियों के बीच अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने इंटरमीडिएट से लेकर पोस्ट ग्रेजुएट एवं बी.एड तक की सभी परीक्षाएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी चमत्कार का परिणाम नहीं, बल्कि लगातार परिश्रम और लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण का फल है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि परीक्षा केवल अंक पाने का माध्यम नहीं, बल्कि धैर्य, आत्मविश्वास और मेहनत की परीक्षा होती है। जो छात्र समय का सम्मान करता है, समय उसे सफलता के रूप में सम्मान देता है।

उन्होंने आगे कहा कि सोशल मीडिया क्षणिक आकर्षण देता है, जबकि शिक्षा जीवन भर साथ निभाती है। यदि विद्यार्थी आज स्वयं पर नियंत्रण रख लें, तो कल उन्हें कोई रोक नहीं सकता।

Related Articles

Back to top button