नगर आयुक्त ने क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण

हरिद्वार ( राव शहजाद ) । नगर आयुक्त नंदन कुमार, आईएएस, नगर निगम हरिद्वार द्वारा अपर रोड, ब्रह्मपुरी तथा हर की पैड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया है । निरीक्षण के दौरान नगर निगम टीम द्वारा उक्त क्षेत्रों में अतिक्रमण करने वाले समस्त दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई तथा निर्देशित किया गया कि सार्वजनिक मार्गों एवं घाट क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न किया जाए।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, आईएएस द्वारा आगामी गंगा दशहरा पर्व को दृष्टिगत रखते हुए स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने के निर्देश दिए गए। नगर निगम द्वारा संबंधित क्षेत्रों को विभिन्न जोनों में विभाजित करते हुए अलग-अलग सफाई निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। संबंधित सफाई निरीक्षकों को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा अतिक्रमण हटवाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त नंदन कुमार, आईएएस ने कहा कि गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है, जिसके दृष्टिगत नगर निगम द्वारा निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्यवाहियों में तेजी लाई गई है। साथ ही तीर्थ स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही किए जाने की चेतावनी भी दी गई। वही नगर निगम प्रशासन ने आमजन एवं व्यापारियों से अपील की है कि शहर की स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

मौके पर उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल तथा नगर निगम की टीम उपस्थित रही है।
[banner id="1202"]





























