Blog

न. निगम हरिद्वार ने स्वनिधि महोत्सव में ऋण अदायगी करने वाले लाभार्थी और बैंकर्स को किया सम्मानित

हरिद्वार ( राव शहजाद ) । नगर निगम हरिद्वार परिसर में भारत सरकार एवं जिलाधिकारी के निर्देशानुसार स्वनिधि महोत्सव एवं जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेयर किरण जैसल एवं नगर आयुक्त नन्दन कुमार ने किया। महोत्सव में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। समय पर ऋण अदायगी करने वाले लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक अधिकारियों एवं बैंकर्स को भी सम्मानित किया गया। शिविर में जिला उद्योग केंद्र, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, रेशम विभाग, कृषि विभाग तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और उपस्थित लोगों को विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

मेयर किरण जैसल ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम बनी है। उन्होंने लाभार्थियों से समय पर ऋण चुकाकर योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। नगर आयुक्त नन्दन कुमार ने कहा कि नगर निगम पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। ऐसे शिविरों से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त श्याम सुन्दर प्रसाद, सिटी मिशन मैनेजर अंकित रमोला, वरिष्ठ सहायक शिव सिंह चौहान, लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा, दिनेश चन्द्र, रतन लाल, सुभाष शर्मा, हेम चन्द्र पाण्डेय, अर्जुन सिंह एवं डॉ. आशीष सहित अन्य मौजूद रहे।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button