Blog

अयोध्या मंदिर चढ़ावे चोरी मामले में देश के संत समाज करेंगे पहल तो रुकेगी देश के मन्दिरों के चढ़ावे में लूट : जयेंद्र

ऋषिकेश । कांग्रेस नेता जयेन्द्र रमोला ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर में हुऐ करोड़ों की चोरी पर सनातन के ध्वजवाहक संत समाज से मुलाकात कर महापंचायत बुलाने का किया आग्रह । जयेंद्र रमोला ने बताया कि आज सायं मायाकुंड स्थित कृष्णकुंज आश्रम में महंत जगद्गुरु कृष्णाचार्य जी महाराज एवं रामानंद आश्रम, मायाकुंड में वृंदावन दास महाराज जी से भेंट कर अयोध्या के श्रीराम मंदिर में हुई चढ़ावे की चोरी की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त कर इस मामले में संत समाज से आगे आकर पहल करने का आग्रह किया तथा धर्मनगरी ऋषिकेश के सभी संत-महात्माओं से एक मंच पर एकजुट होकर इस विषय पर मुखर होने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाने की अपील की। कांग्रेस नेता जयेन्द्र रमोला ने कहा कि अयोध्या का श्रीराम मंदिर करोड़ों सनातनियों की आस्था का केंद्र है, जिसके निर्माण में देशवासियों और प्रवासी भारतीयों ने वर्षों तक कार सेवा और आर्थिक सहयोग के माध्यम से अपना योगदान दिया। ऐसे में मंदिर में करोड़ों रुपये की चोरी का मामला सामने आना बेहद गंभीर और दुखद है। यह केवल धन की चोरी नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ा विषय है। संत समाज को इस मामले में आगे आकर सरकार से जवाब मांगना चाहिए, ताकि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी हो और मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। वही जयेन्द्र रमोला के अनुसार महंत जगद्गुरु कृष्णाचार्य जी महाराज व रामानन्द संत आश्रम के संत वृंदावन दास महाराज ने आश्वस्त किया कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में चोरी का मामला बेहद चिंताजनक और करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा विषय है। इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। हम ऋषिकेश के संत-महात्माओं से इस विषय पर चर्चा कर जल्द ही एक महापंचायत बुलाने का आवाह्न करेंगे, ताकि संत समाज एकजुट होकर अपनी बात देश के सामने रख सके।

वृंदावन दास महाराज ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चोरी की घटना से संत समाज और श्रद्धालुओं में गहरी चिंता है। यह केवल धन की चोरी नहीं बल्कि सनातन आस्था से जुड़ा विषय है। इस मामले को लेकर जैसा अन्य संत-महात्माओं का विचार होगा हम भी उसी में सम्मिलित होंगे । इस मौके पर पंडित मनोज तिवारी व पंडित आदित्य उपस्थित रहे ।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button