उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर की भावभीनी श्रद्धांजलि

ऋषिकेश । उत्तराखंड राज्य निर्माण शहीद स्मारक स्थल पर राज्य आंदोलनकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आईएसबीटी परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ आंदोलनकारी एवं सभा अध्यक्ष कैप्टन बलबीर नेगी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद की उपाध्यक्ष,राज्यमंत्री चारु कोठारी उपस्थित रहीं। बैठक का शुभारंभ उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर एवं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देकर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित आंदोलनकारियों ने राज्य निर्माण आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। शहीद स्मारक स्थल के अध्यक्ष डी.एस. गुसाईं ने राज्य आंदोलनकारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को मुख्य अतिथि के समक्ष रखा। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के पहचान पत्रों में “राज्य निर्माण सैनानी” अंकित किए जाने, सभी चिन्हित आंदोलनकारियों को समान पेंशन प्रदान किए जाने तथा सरकारी नौकरियों में राज्य आंदोलनकारियों के लिए निर्धारित 10 प्रतिशत आरक्षण को प्रभावी रूप से लागू किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। बैठक को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री चारु कोठारी ने कहा कि उन्हें पद के साथ अनुमन्य सुविधाएं, मानदेय एवं भत्ते प्रदान किए गए थे, जिन्हें उन्होंने अपनी स्वेच्छा से उत्तराखंड राज्य की आर्थिकी को ध्यान में रखते हुए तथा राज्य आंदोलनकारियों के हित में त्याग दिया है। उन्होंने कहा कि इन पर होने वाले शासकीय व्यय को राज्य आंदोलनकारियों के कल्याण, सम्मान एवं हितार्थ संचालित योजनाओं में विनियोजित किया जाना चाहिए।
कोठारी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से भेंट कर ऋषिकेश-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-58) के चौड़ीकरण के दौरान ध्वस्त हुए शहीद स्मारक स्थल के पुनर्निर्माण की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप शहीदों की स्मृति में एक भव्य शहीद स्मारक का निर्माण किया जाना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण हेतु निर्धारित मानकों में आवश्यक स्थिलता प्रदान करने तथा सूची संख्या-11 को शीघ्र जारी किए जाने के संबंध में भी मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित किए हैं।

उन्होंने आंदोलनकारियों को आश्वस्त किया कि उनके सम्मान एवं अधिकारों से जुड़े सभी जायज एवं लंबित मामलों को शासन स्तर पर गंभीरता से उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।बैठक में शहीद स्मारक स्थल के अध्यक्ष डी.एस. गुसाईं, संरक्षक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता संजय शास्त्री, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष युद्धवीर सिंह चौहान, महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष गंभीर मेवाड़, सभा अध्यक्ष कैप्टन बलबीर नेगी, चंदन सिंह पंवार, कुसुमलता शर्मा सहित आयब उपस्थित रही।
[banner id="1202"]





























