Blog

नगर आयुक्त ने रेड अलर्ट को लेकर अधिकारियों को व्यापक तैयारियों के दिए निर्देश

हरिद्वार ( राव शहजाद ) । मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट एवं संभावित भारी वर्षा को देखते हुए नगर निगम हरिद्वार के स्वच्छता सेल कार्यालय में रविवार को नगर आयुक्त नंदन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य भारी वर्षा के दौरान संभावित जलभराव एवं आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्व तैयारियों की समीक्षा करना रहा। बैठक में नगर आयुक्त ने सभी मुख्य सफाई निरीक्षकों एवं सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र के सभी संवेदनशील एवं जलभराव संभावित स्थलों पर पंप सेट पूर्व से ही स्थापित कर दिए जाएं, ताकि वर्षा के दौरान जल निकासी का कार्य तत्काल प्रारंभ किया जा सके और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने विष्णु घाट क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए वहां एक जेसीबी एवं दो ट्रैक्टर-ट्रॉली अग्रिम रूप से तैनात रखने के आदेश दिए। साथ ही भगत सिंह चौक, संदेश नगर, पुराना आरटीओ चौक सहित अन्य जलभराव संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यक संसाधनों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित मुख्य सफाई निरीक्षकों को दिए।
नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश देते हुए कहा कि रेड अलर्ट की अवधि में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि नगर निगम हरिद्वार द्वारा मानसून प्रारंभ होने से पूर्व ही नगर क्षेत्र के सभी 148 नालों की 2 से 3 चरणों में तलीझाड़ सफाई का कार्य पूर्ण करा लिया गया था, जिसके फलस्वरूप वर्षा जल की निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर पूर्व तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।नगर आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी फील्ड में लगातार निगरानी बनाए रखें तथा जलभराव की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार, संजय शर्मा, अर्जुन सिंह, धीरेंद्र सेमवाल, विकास चौधरी, विकास छाछर, सुरेंद्र, सुनील मलिक सहित अन्य उपस्थित रहे।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button