महायोग ध्यान कुंभ में गौरंग दास प्रभु ने दिया मानसिक शांति का संदेश

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । महा योगध्यान कुंभ 9.0 के चौथे दिन इस्कॉन गवर्निंग बॉडी के सदस्य और गोवर्धन इको विलेज के निदेशक गौरंग दास प्रभु ने आधुनिक जीवन में बढ़ते मानसिक तनाव, सोशल मीडिया की लत और पारिवारिक संबंधों की चुनौतियों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि भौतिक सुख-सुविधाओं और आर्थिक प्रगति के बावजूद आंतरिक शांति के लिए भगवत गीता के ज्ञान और सनातन धर्म के सिद्धांतों से जुड़ना आवश्यक है। इसी अवसर पर शरद पूर्णिमा ध्यान के मंच से PMC Hindi और पिरामिड स्पिरिचुअल सोसाइटीज मूवमेंट (PSSM) ने अंतरदर्शन इनर वर्क रिट्रीट सीरीज 2027 की तिथियों की घोषणा की। इसका उद्देश्य आत्मचिंतन, भावनात्मक अवरोधों और मानसिक तनाव को समझकर आंतरिक परिवर्तन और आत्म-साक्षात्कार की दिशा में आगे बढ़ना है। गौरंग दास प्रभु ने कहा कि मनुष्य शरीर, जीवनसाथी, संतान, घर, धन, प्रतिष्ठा और करियर जैसे सांसारिक दायित्वों में उलझा रहता है। इनके बीच आत्मा के परमात्मा से शाश्वत संबंध को समझना भी जरूरी है। उन्होंने दिन की शुरुआत प्रार्थना, ध्यान और गीता के अध्ययन से करने का सुझाव दिया, जिससे रोजमर्रा की चुनौतियों का सामना करने में मदद मिलती है। युवाओं में बढ़ते तनाव पर उन्होंने कहा कि अपेक्षाओं और वास्तविकता के बीच का अंतर तनाव का प्रमुख कारण है। बच्चों की दूसरों से तुलना, लगातार शिकायत और आलोचना उनके आत्मविश्वास को प्रभावित करती है। सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स की होड़ अकेलेपन और असंतोष बढ़ा रही है। परिवारों को बच्चों के साथ बेहतर संवाद पर जोर देना चाहिए। गीता के कर्म योग, ज्ञान योग, अष्टांग योग और भक्ति योग की चर्चा करते हुए उन्होंने भोग के बजाय योग से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने परिवारों से सप्ताह में कम से कम एक दिन साथ बैठकर भोजन करने और विचार साझा करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में डॉ. सौरभ रंजन और शंपा मुखर्जी ने पंचकोश, चेतना के स्तर और ध्यान से कल्याण पर विचार रखे। पिरामिड विशेषज्ञ सतीश अग्रवाल और किशोर जी ने पिरामिड विज्ञान पर चर्चा की। समापन पर पूर्व सीबीआई निदेशक डॉ. डी.आर. कार्तिकेयन सहित अतिथियों ने संबोधन की सराहना की।



घोषित कार्यक्रम के अनुसार अंतरदर्शन रिट्रीट का पहला चरण 8 से 11 जनवरी 2027 तक वाराणसी में, दूसरा चरण 15 से 19 जुलाई 2027 तक त्र्यंबकेश्वर, नासिक में और तीसरा चरण 3 से 6 दिसंबर 2027 तक अंबाजी, गुजरात में होगा। युवाओं के लिए PYMA मीट 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को करल, महाराष्ट्र में प्रस्तावित है। जानकारी और पंजीकरण के लिए PMC App, http://www.pmcglobal.org और http://www.pymaglobal.org पर संपर्क किया जा सकता है।
[banner id="1202"]






























