राष्ट्रीय राजमार्ग-534 के निर्माण कार्य की प्रगति समीक्षा ,कार्य में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने जतायी नाराज़गी

पौड़ी ( राव शहजाद ) । जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त की है। बता दे सतपुली-गुमखाल राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-534 पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण कई स्थानों पर आवाजाही प्रभावित होने, सड़क किनारे मलबा जमा रहने तथा पुश्ते गिरने की स्थिति पर नाराज़गी व्यक्त की है। मंगलवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में निर्माण कार्य एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था को कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने तथा निर्माण कार्य के साथ सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान यातायात सुचारू बनाए रखना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित विभाग तथा कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क पर अनावश्यक रूप से मलबा जमा न हो और जहां निर्माण अथवा कटिंग के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां तत्काल मलबा हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुश्तों के गिरने तथा कमजोर सुरक्षात्मक संरचनाओं को लेकर भी गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि राइट ऑफ वे से बाहर जो भी भवन प्रभावित हो रहे हैं, उनका भी स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के कारण आमजन की आवाजाही बाधित होना अथवा सड़क को असुरक्षित स्थिति में छोड़ना किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सूलिया, सतपुलीसैंण, सतपुली मल्ली, कुल्हाड़ मोड़ तथा गहड़गांव के समीप निर्माण एवं कटिंग का कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी ने इन स्थानों पर शेष मलबा एक सप्ताह के भीतर हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने मलबा हटाने के लिए आवश्यकता के अनुसार वाहनों की संख्या बढ़ाने तथा प्रतिदिन कार्यों की निगरानी कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के साथ-साथ पुश्ते, सुरक्षा दीवारें एवं अन्य सुरक्षात्मक कार्य भी प्राथमिकता से कराए जाएं। यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान बताया गया कि आवश्यक स्थानों पर यातायात संकेतक लगाए गए हैं तथा नयार घाटी मोड़ को साफ किया गया है। उपजिलाधिकारी ने कुछ स्थानों पर दोपहिया वाहनों के आवागमन में विशेष सावधानी की आवश्यकता बतायी। इस पर जिलाधिकारी ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा अवरोधक लगाने, सड़क के दोनों ओर मलबा एकत्र न करने तथा यातायात को सुरक्षित बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला खनन अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर उपखनिज के अवैध भंडारण के संबंध में अब तक तीन मामलों में कार्रवाई की गई है तथा संबंधित पर जुर्माना लगाया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और नियमित निरीक्षण करते हुए नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला खनन अधिकारी को भूगर्भ वैज्ञानिक के साथ संबंधित स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के डामरीकरण कार्य में तेजी लायी जा रही है तथा 15 नवंबर तक समस्त डामरीकरण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। अधिशासी अभियंता ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के पांच स्थानों पर भूस्खलन से बचाव के कार्य कराए जाएंगे, जिनमें बैरगांव एवं कुल्हाड़ के मध्य कार्य प्रारंभ हो चुका है। जिलाधिकारी ने सुरक्षात्मक दीवारों एवं अन्य संरचनाओं का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने तथा ऐसे स्थानों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए जहां सड़क अथवा आसपास की संरचनाओं को खतरा है। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की समिति गठित करते हुए 16 सितंबर को पुनः स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। समिति द्वारा मौके पर निर्माण कार्य की प्रगति, यातायात व्यवस्था, सड़क पर मलबे की स्थिति, पुश्तों एवं सुरक्षात्मक कार्यों तथा आमजन को हो रही परेशानियों का जायजा लिया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि निरीक्षण में यदि कार्य में लापरवाही अथवा दिए गए निर्देशों की अनदेखी पायी जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता की आवाजाही और सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग खंड अरुण कुमार, जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
[banner id="1202"]








































