लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल के भव्य दीपावली मेले में अनुषिका बनीं ‘मिस ऋषिकेश 2026
पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया मेले का शुभारंभ

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल द्वारा पी.जी. कॉलेज ग्राउंड, हरिद्वार रोड, ऋषिकेश में आयोजित भव्य ‘लायंस दीपावली मेला 2026 – ऑटो एक्सपो एवं मिस ऋषिकेश’ का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं महापौर शंभू पासवान सहित अन्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही । बता दे दीपावली के उल्लास, सांस्कृतिक रंगों और सामाजिक सेवा की भावना से सजे इस आयोजन में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मेले का उद्देश्य मनोरंजन के साथ-साथ जरूरतमंद एवं गरीब विद्यार्थियों की सहायता करना रहा।
अनुषिका बनीं ‘मिस ऋषिकेश 2026’
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘मिस ऋषिकेश 2026’ प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, प्रतिभा और मंच पर शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। कड़े मुकाबले के बाद अनुषिका को ‘मिस ऋषिकेश 2026’ के प्रतिष्ठित खिताब से नवाजा गया।
प्रतियोगिता में प्रगति ने प्रथम रनर-अप तथा हनी राणा ने द्वितीय रनर-अप का स्थान प्राप्त किया। विजेताओं की उपलब्धि पर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने उनका उत्साहवर्धन किया।
नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बिखेरा जलवा
मेले में आयोजित जूनियर एवं सीनियर डांस प्रतियोगिताओं में बच्चों और युवाओं ने अपनी नृत्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
जूनियर डांस प्रतियोगिता के परिणाम:
* प्रथम स्थान — नाइशा जैन
* द्वितीय स्थान — आरोही
* तृतीय स्थान — दिशी राजपूत
सीनियर डांस प्रतियोगिता के परिणाम:
* प्रथम स्थान — नोविका पाल
* द्वितीय स्थान — ऋषभ
* तृतीय स्थान — अक्षत जोशी
ग्रुप डांस प्रतियोगिता में SPPS Dance Group, One Direction Girls एवं SBM School Dance Group ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बनाया।
गायन प्रतियोगिता में अवंत सिंह ने हासिल किया प्रथम स्थान
गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी सुरीली आवाज और शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गायन प्रतियोगिता के परिणाम:
* प्रथम स्थान — अवंत सिंह
* द्वितीय स्थान — मोहित मरचवान
* तृतीय स्थान — श्रेया रावत
मेहंदी प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र
मेहंदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मकता और सुंदर डिजाइनों का प्रदर्शन किया।
ऑटो एक्सपो, फूड स्टॉल्स और मनोरंजक गतिविधियों ने बढ़ाई मेले की रौनक
मेले में आयोजित ऑटो एक्सपो में विभिन्न वाहन कंपनियों की भागीदारी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। इसके अतिरिक्त विभिन्न व्यंजनों के फूड स्टॉल, बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियाँ, मेहंदी प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आकर्षक पुरस्कार एवं लकी ड्रॉ ने मेले की रौनक बढ़ाई।

मेले में उपस्थित लोगों ने विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया। आयोजन ने शहरवासियों को मनोरंजन के साथ सामाजिक सहभागिता का अवसर प्रदान किया।
क्लब अध्यक्ष ने की सदस्यों के प्रयासों की सराहना
क्लब अध्यक्ष लायन ऋषभ जैन ने सभी अतिथियों, प्रायोजकों, प्रतिभागियों, सहयोगियों एवं क्लब सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता पूरी टीम की एकजुटता, समर्पण और मेहनत का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि क्लब के सभी सदस्यों ने आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
क्लब सचिव लायन सागर ग्रोवर एवं कोषाध्यक्ष लायन अतुल सिंघल ने संयुक्त रूप से बताया कि मेले का उद्देश्य सामाजिक सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना, जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता करना और ऋषिकेश की स्थानीय प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्रायोजकों, संस्थानों, प्रतिभागियों, अतिथियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। मेला चेयरमैन लायन अभिनव गोयल, लायन पंकज चंदानी एवं लायन सुमित चोपड़ा ने क्लब के सभी सदस्यों, प्रायोजकों, ऑटो एक्सपो में भाग लेने वाले प्रतिष्ठानों, प्रतियोगिता के प्रतिभागियों, अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों का धन्यवाद किया। चेयरमैन टीम ने संयुक्त रूप से कहा कि इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों ने मिलकर अथक परिश्रम किया। प्रत्येक सदस्य की जिम्मेदारी, सहयोग, अनुशासन और सकारात्मक सोच ने आयोजन को विशेष बनाया। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल भविष्य में भी समाजसेवा, जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता तथा स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।






























