विधायक ने सीवरेज परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ बैठक कर कार्यों की प्रगति की ली जानकारी

ऋषिकेश राव शहजाद । ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में सीवरेज परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर एस.के. वर्मा के साथ बैठक कर विधानसभा क्षेत्र में संचालित सीवरेज कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। बैठक के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर ने अवगत कराया कि क्षेत्र में सीवरेज के तीन पैकेजों में कार्य गतिमान है, जबकि एक पैकेज की टेंडर प्रक्रिया चल रही है तथा एक अन्य पैकेज शासन स्तर पर लंबित है। इस पर अग्रवाल ने संचालित तीनों पैकेजों के अंतर्गत हो रहे कार्यों की क्षेत्रवार जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां खोदी गई सड़कों का पुनर्निर्माण इसी माह के अंत तक हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि देहरादून रोड, प्रगति विहार, मेन रोड, खदरी, बापू ग्राम, 20 बीघा सहित जिन-जिन क्षेत्रों में सीवरेज का कार्य पूरा हो चुका है, वहां सड़कों को शीघ्र पूर्व स्थिति में लाया जाए। अग्रवाल ने कहा कि सीवरेज जैसी महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधा का विकास आवश्यक है, लेकिन निर्माण कार्यों के चलते आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना चाहिए। सड़कों की खुदाई के बाद उन्हें लंबे समय तक क्षतिग्रस्त अवस्था में छोड़ना उचित नहीं है। इससे स्थानीय निवासियों, व्यापारियों एवं राहगीरों को आवागमन में असुविधा होती है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समयसीमा में सड़कों का पुनर्निर्माण पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को राहत मिल सके।
[banner id="1202"]






























