Blog

कुंभ मेले की तैयारियों को मिलेगी हाईटेक निगरानी व्यवस्था : नगर आयुक्त

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने एवं शहर की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर आयुक्त  नंदन कुमार द्वारा CCR भवन की नवनिर्मित बिल्डिंग में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने सेंटर में बनाए जा रहे अत्याधुनिक डाटा सेंटर एवं सर्वर रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने डाटा सेंटर के निर्माण एवं उसमें स्थापित किए जाने वाले तकनीकी उपकरणों की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। इस डाटा सेंटर का निर्माण कार्य पेयजल विभाग द्वारा कराया जा रहा है, जबकि आईटीआई (PSU) द्वारा सेंटर में आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अंतर्गत अत्याधुनिक सर्वर, सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की स्थापना की तैयारी की जा रही है।

नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि डाटा सेंटर के निर्माण कार्य से लेकर उसमें स्थापित होने वाले सर्वर, सीसीटीवी सिस्टम एवं अन्य सभी तकनीकी उपकरणों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न कराए जाएं तथा निर्माण एवं उपकरण स्थापना का कार्य प्राथमिकता के आधार पर अति शीघ्र पूर्ण किया जाए।
उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों, मार्गों, चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में स्थापित किए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों की निगरानी इसी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से की जाएगी। इसके जरिए शहर की गतिविधियों पर एक केंद्रीकृत स्थान से नजर रखी जा सकेगी, जिससे भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन में तकनीक का प्रभावी उपयोग संभव होगा। आईसीसीसी सेंटर कुंभ मेले के दौरान शहर की निगरानी व्यवस्था का महत्वपूर्ण तकनीकी केंद्र बनेगा। यहां स्थापित सर्वर एवं अत्याधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त होने वाली सीसीटीवी फीड का एकीकृत रूप से अवलोकन किया जा सकेगा। इससे किसी भी आपात स्थिति अथवा अव्यवस्था की सूचना पर संबंधित अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई करने में सहायता मिलेगी।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आईसीसीसी सेंटर को जल्द से जल्द क्रियाशील बनाएं, ताकि कुंभ मेले से पूर्व ही शहर की तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था प्रारंभ की जा सके।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button