ऋषिकेश पुलिस ने मोबाईल चोरी का खुलासा कर 4 को दबोचा

ऋषिकेश (राव शहजाद ) । कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड में हुई चोरी का खुलासा करते हुए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत के 30 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 1 आईपैड और घटना में प्रयुक्त 2 स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बीते 6 नवंबर को अश्वनी पुत्र हरिहर प्रसाद गुप्ता, निवासी शिवाजी नगर, ऋषिकेश ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि 6 नवंबर की रात करीब 2:00 से 4:00 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने ऋषिकेश-हरिद्वार रोड, गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर स्थित उनकी गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड दुकान का शटर तोड़कर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, एचपी कंपनी के लैपटॉप एवं डेमो फोन चोरी कर लिए है। तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश पर मु0अ0सं0-585/2026 धारा 305(a)/331(4) BNS बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निर्देशन में चोरी के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने दुकान के आसपास लगे 40 सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन व विश्लेषण किया और पुराने अपराधियों का डाटा इकट्ठा किया। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे अपराधियों का पूर्व में जेल जा चुके अभियुक्तों से मिलान कराया गया।
9 नवंबर को आईडीपीएल गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल की दुकान में चोरी में शामिल चार व्यक्ति दो काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों पर नटराज चौक की ओर से बाईपास रोड होते हुए श्यामपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मनसा देवी फाटक से आगे बाईपास रोड पर घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चारों को रोक लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपने साथी संदीप के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। अभियुक्तों ने बताया कि चोरी किए गए अधिकांश सामान को जंगल में छिपा दिया था, जिसे बेचने के लिए हरिद्वार की तरफ जा रहे थे। चोरी का माल पांचों ने आपस में बांट लिया था। कुछ मोबाइल, आईपैड व लैपटॉप उनके साथी संदीप के पास भी हैं, जो आज साथ नहीं आया। बता दे अभियुक्त योगेंद्र उर्फ दीपक के पास मौजूद काले रंग के पिट्ठू बैग से 03 एचपी कंपनी के लैपटॉप, 01 एप्पल आईपैड एवं 24 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 30 मोबाइल फोन, 03 लैपटॉप, 01 आईपैड एवं 02 स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। वादी द्वारा उपलब्ध कराए गए बिल एवं आईएमईआई नंबरों से मिलान करने पर बरामद 22 मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर तथा 02 लैपटॉप एवं आईपैड मुकदमा उपरोक्त में चोरी होना पाए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) BNS की वृद्धि की गई। दोनों मोटरसाइकिलों के कागजात प्रस्तुत न कर पाने पर एमवी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। अन्य अभियुक्त संदीप की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों में 1. नितिन दास पुत्र सुरेश दास, निवासी मुर्गी फार्म, रायवाला, देहरादून, उम्र 19 वर्ष, 2. अभिषेक थापा पुत्र सोमपाल, निवासी प्रतीत नगर, रायवाला, देहरादून, उम्र 20 वर्ष, 3. योगेंद्र उर्फ दीपक पुत्र श्याम कुमार, निवासी अहबाबनगर, कड़च्छ, थाना ज्वालापुर, हरिद्वार, उम्र 26 वर्ष, 4. रोहन पुत्र लक्ष्मण, निवासी निकट अमर ज्योति स्कूल, लालतप्पड़, कोतवाली डोईवाला, देहरादून, उम्र 20 वर्ष शामिल हैं।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, निरीक्षक खुशीराम पाण्डेय (प्रभारी SOG), व0उ0नि0 नवीन जोशी, उ0नि0 अमित कुमार, उ0नि0 राजकुमार, हे0कां0 सन्दीप राठी, हे0का0 विपिन सैनी (SOG), का0 सौरभ चौहान, संदीप छावड़ी, रमेश मैठाणी, सौरभ वालिया, तेज सिंह, अभिषेक, दिनेश मेहर, नवनीत (SOG), सोनी (SOG) व मनोज (SOG) शामिल रहे।
[banner id="1202"]







































