छिद्रवाला में 19 नवंबर को मनाया जाएगा ईगास पर्व
गढरत्न नरेंद्र सिंह नेगी अपनी लोक गायकी से बांधेंगे समां

रायवाला ( राव शहजाद ) । देवभूमि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से आगामी 19 नवंबर,गुरुवार को मैन चौक छिद्रवाला मेहड़ देवता मंदिर में में ईगास पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में गढरत्न नरेंद्र सिंह नेगी अपनी लोक गायकी और जागरों से समां बांधेंगे। वहीं, भैलों के साथ ही उत्तराखंड के पारंपरिक एवं स्वादिष्ट पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भी लोगों को चखने का अवसर मिलेगा। मंगलवार को छिद्रवाला स्थित क्लब पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को जीवंत बनाए रखने के लिए ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में ईगास पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों से जोड़ना है, ताकि देवभूमि की लोक परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचती रहें। क्लब अध्यक्ष गौरव जेतूड़ी ने बताया ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस लोकपर्व का हिस्सा बनने और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की अपील की।
इगास पर्व की मान्यता: दीपावली के 11 दिन बाद मनाया जाता है लोकपर्व प्रचलित मान्यता के अनुसार, गढ़वाल के वीर भड़ माधो सिंह भंडारी के तिब्बत युद्ध से विजय प्राप्त कर लौटने की खुशी में भी दीप जलाए गए थे। ईगास केवल त्योहार नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोक आस्था, वीरता, सामूहिकता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उत्तराखंड में ईगास (बग्वाल) पर्व का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। लोकमान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की खबर पहाड़ों तक देर से पहुंची थी। कहा जाता है कि जब गढ़वाल क्षेत्र के लोगों को भगवान श्रीराम के आगमन और विजय की सूचना मिली, तब उन्होंने दीप जलाकर खुशियां मनाईं। इसी परंपरा को इगास पर्व के रूप में मनाया जाने लगा।

पत्रकार वार्ता में ओम स्टार क्लब के संस्थापक सोबन सिंह कैन्तुरा, संरक्षक महावीर कैन्तुरा ,भीम नेगी,उत्तम भण्डारी, प्रताप सिह रावत ,सुशीला नेगी , बबली बिष्ट,अर्जुन नेगी,हरदीप भण्डारी सहित अन्य मौजूद थे।
[banner id="1202"]







































