आईडीपीएल मैदान में 20 नवंबर को मनाया जाएगा ईगास पर्व, जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण बांधेंगे समां

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । देवभूमि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से आगामी 20 नवंबर, शुक्रवार को आईडीपीएल मैदान में ईगास पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण अपनी लोक गायकी और जागरों से समां बांधेंगे। वहीं, भैलों के साथ ही उत्तराखंड के पारंपरिक एवं स्वादिष्ट पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भी लोगों को चखने का अवसर मिलेगा। सोमवार को रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व महापौर अनीता ममगाईं ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को जीवंत बनाए रखने के लिए ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में ईगास पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों से जोड़ना है, ताकि देवभूमि की लोक परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचती रहें। उन्होंने बताया कि इस सांस्कृतिक समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी आमंत्रित किया गया है।
ममगाईं ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस लोकपर्व का हिस्सा बनने और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की अपील की।
इगास पर्व की मान्यता: दीपावली के 11 दिन बाद मनाया जाता है लोकपर्व प्रचलित मान्यता के अनुसार, गढ़वाल के वीर भड़ माधो सिंह भंडारी के तिब्बत युद्ध से विजय प्राप्त कर लौटने की खुशी में भी दीप जलाए गए थे। इस दिन घरों में दीपक जलाए जाते हैं, पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं, भैलो खेला जाता है और ढोल-दमाऊं की थाप पर लोकगीतों एवं नृत्य के साथ उत्सव मनाया जाता है। ईगास केवल त्योहार नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोक आस्था, वीरता, सामूहिकता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उत्तराखंड में ईगास (बग्वाल) पर्व का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। लोकमान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की खबर पहाड़ों तक देर से पहुंची थी। कहा जाता है कि जब गढ़वाल क्षेत्र के लोगों को भगवान श्रीराम के आगमन और विजय की सूचना मिली, तब उन्होंने दीप जलाकर खुशियां मनाईं। इसी परंपरा को इगास पर्व के रूप में मनाया जाने लगा।

पत्रकार वार्ता में पार्षद सिमरन उप्पल, पार्षद राजेश कोठियाल, राजेश नौटियाल, घाट रोड व्यापार सभा अध्यक्ष पंकज शर्मा, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पंकज शर्मा, गौरव कैंथोला, अजय बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद थे।
[banner id="1202"]







































