Blog

यहाँ : महिलाओं की कृष्णलीला में गौमाता को राष्ट्रमाता बनाने की मांग

रायवाला ( राव शहजाद )। होशियारी माता मंदिर प्रांगण में श्री कृष्ण लीला कमेटी द्वारा आयोजित कृष्णलीला श्रद्धा और भक्ति के माहौल में निरंतर जारी है। इस आयोजन की सबसे विशेष बात यह है कि लीला के सभी पात्रों का सशक्त अभिनय महिलाओं द्वारा किया जा रहा है, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया है। तीसरे वर्ष आयोजित इस कृष्णलीला में विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का जीवंत मंचन किया जा रहा है। पहले दिन हिरण्यकश्यप वध, भक्त प्रहलाद की अटूट भक्ति और भगवान नरसिंह अवतार का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। दूसरे दिन ध्रुव चरित्र, कंस दरबार और भगवान विष्णु से जुड़े प्रसंगों को दर्शाया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा। वहीं तीसरे दिन देवकी के छह बालकों की हत्या का भावुक दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और गोकुल में हुए उत्सव की आकर्षक झांकी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंच संचालन कर रहीं बीना बंगवाल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखना है। उन्होंने कहा कि सभी महिलाओं की ओर से गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग उठाई जा रही है, ताकि गौवंश के संरक्षण को सुनिश्चित किया जा सके। समिति की अध्यक्ष वर्षों से निराश्रित गौवंश की सेवा में समर्पित हैं। इस अवसर पर समिति की सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संकल्प लिया कि गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

मौके पर सरस्वती अधिकारी, दुर्गा, मंजू देवी, मंजू पाठक, अलका क्षेत्री, इकला, राधिका, प्रियंका सुबेदी, कमलेश भंडारी, लक्ष्मी डंगवाल, शोभा बडोला, माया डबराल सहित अनेक महिलाएं सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में ऋषि राम शर्मा, अनिल डबराल, राजेश रतूड़ी समेत कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button