Blog

सार्वजनिक पार्क एवं सुरक्षित वॉकिंग ट्रैक की मांग को लेकर अधिशासी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

डोईवाला ( राव शहजाद ) । डोईवाला नगर पालिका क्षेत्र में नागरिकों के लिए सार्वजनिक पार्क एवं सुरक्षित वॉकिंग ट्रैक की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर परवादून जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नगर पालिका परिषद डोईवाला के अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि डोईवाला बाजार एवं भानियावाला बाजार के निकट सार्वजनिक पार्कों का निर्माण कराया जाए। इन पार्कों में वॉकिंग ट्रैक, हरित क्षेत्र, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि डोईवाला नगर पालिका क्षेत्र में बड़ी संख्या में नागरिक निवास करते हैं, लेकिन उनके लिए घूमने-टहलने और स्वस्थ वातावरण में समय बिताने हेतु समुचित सार्वजनिक पार्क का अभाव है। नागरिकों को मजबूरी में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे टहलना पड़ता है, जहां कई स्थानों पर सुरक्षित पैदल पथ तक उपलब्ध नहीं है व दुर्घटना का खतरा रहता है । उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और बेहतर जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त जगह चिन्हित करते हुए दोनों बाजारों के निकट पार्कों का निर्माण प्राथमिकता से किया जाना चाहिए। नगर पालिका सभासद गौरव मल्होत्रा ने कहा कि पार्क और सुरक्षित वॉकिंग ट्रैक केवल मनोरंजन की सुविधा नहीं, बल्कि बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं के लिए स्वस्थ एवं सुरक्षित सार्वजनिक स्थान की आवश्यकता हैं। नगर पालिका के आगामी बजट एवं विकास योजनाओं में दोनों पार्कों के लिए आवश्यक धनराशि का प्रावधान किया जाना चाहिए।

ज्ञापन के माध्यम से यह भी मांग की गई कि जब तक पार्कों का निर्माण नहीं होता, तब तक प्रमुख मार्गों पर नागरिकों की सुरक्षा के लिए सुरक्षित पैदल पथ, वॉकिंग ट्रैक एवं साइकिल ट्रैक विकसित किए जाएं। मौके पर नगर पालिका सभासद गौरव मल्होत्रा, सभासद प्रतिनिधि अमित सैनी सहित अन्य मौजूद रहे।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button