Blog

मंत्री गणेश जोशी ने सीवर और पेयजल समस्याओं के समाधान के संबंध में की बैठक

देहरादून ( राव शहजाद ) । कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सीवर लाइन एवं पेयजल संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर अपने कैंप कार्यालय में जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में सीवर लाइनों, पेयजल आपूर्ति और पुरानी व्यवस्थाओं के जीर्णोद्धार पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने शक्ति कॉलोनी, नीलकंठ विहार, दून विहार, डोभालवाला, विजय कॉलोनी, राजेंद्र नगर, आर्य नगर, किशन नगर, साकेत कॉलोनी, अमन विहार, मंदाकिनी विहार, सालावाला, चिड़ौवली गढ़ी सहित अन्य वार्डों में प्रस्तावित सीवर योजनाओं एवं सीवर ट्रीटमेंट कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में सीवर लाइनों में लीकेज की समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं सुधार कार्य तत्काल शुरू किए जाएं। साथ ही जहां सीवर की पुरानी एवं जर्जर लाइनें बदलने की आवश्यकता है, वहां उन्हें शीघ्र बदलकर कर नई सीवर लाइन बिछाई जाए, ताकि लोगों को बार-बार होने वाली समस्याओं से स्थायी राहत मिल सके। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं को दीर्घकालिक एवं स्थायी समाधान के दृष्टिकोण से तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में क्षेत्रवासियों को सीवर और पेयजल संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने सीवर लाइन से संबंधित शासन स्तर की सभी स्वीकृतियां एवं कागजी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कराकर कार्यों को तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में मंत्री गणेश जोशी ने अमृत योजना के अंतर्गत किशन नगर क्षेत्र में संचालित पेयजल आपूर्ति परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह संवेदनशील है। पेयजल और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है तथा सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा।

बैठक में मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद मोहन बहुगुणा, पार्षद योगेश घागट, पूर्व पार्षद संजय नौटियाल, पार्षद नंदनी शर्मा, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजय सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button