विश्व दृष्टि दिवस पर स्कूली बच्चों की निशुल्क नेत्र जांच कर आंखों की सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । विश्व दृष्टि दिवस के उपलक्ष्य में नेगी आई केयर सेंटर, ऋषिकेश द्वारा रोटरी ऋषिकेश क्लासिक के सहयोग से मालवीय मार्ग स्थित ब्रह्मदेवी राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-7 में एक दिवसीय निशुल्क स्कूल स्क्रीनिंग आई चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में तीन दर्जन से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं की आंखों की जांच कर उन्हें नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। शिविर का शुभारंभ रोटरी ऋषिकेश क्लासिक के संस्थापक राकेश अग्रवाल एवं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ममता गौड़ ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। नेगी आई केयर सेंटर के निदेशक डॉ. राजे नेगी ने अपने सहयोगी मनोज नेगी के साथ मिलकर स्कूली बच्चों की दृष्टि एवं कलर विजन की स्क्रीनिंग की। जांच के दौरान जिन बच्चों में दूर की नजर कमजोर पाई गई, उन्हें चिकित्सकीय परामर्श देते हुए चश्मा लगाने की सलाह दी गई।
डॉ. राजे नेगी ने बच्चों को आंखों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वस्थ आंखों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों को भोजन में हरी सब्जियां, मौसमी फल एवं दूध जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने की सलाह दी। साथ ही मोबाइल फोन, टीवी एवं कंप्यूटर का अनावश्यक और अत्यधिक उपयोग न करने तथा स्क्रीन के लगातार इस्तेमाल के दौरान आंखों को पर्याप्त आराम देने की बात कही। रोटरी ऋषिकेश क्लासिक के संस्थापक राकेश अग्रवाल ने कहा कि क्लब द्वारा शीघ्र ही विद्यालय के जरूरतमंद स्कूली बच्चों को आवश्यक पाठ्य सामग्री वितरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े सामाजिक कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।शिविर के माध्यम से बच्चों को नियमित रूप से आंखों की जांच कराने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा मोबाइल, टीवी एवं कंप्यूटर जैसी डिजिटल स्क्रीन के संतुलित उपयोग का संदेश दिया गया।


शिविर के सफल आयोजन में रोटरी ऋषिकेश क्लासिक के अध्यक्ष संजय सकलानी, सचिव विजय रावत, कोषाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता तथा विद्यालय की शिक्षिकाओं रेनू वर्मा एवं बीना शर्मा ने सहयोग प्रदान किया।
[banner id="1202"]






























