Blog

केंद्रीय विद्यालय में बैगलेस डे मनाया

रायवाला । पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय रायवाला में पीएम श्री योजना के अंतर्गत बैगलेस डे कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षण के अतिरिक्त विभिन्न रचनात्मक एवं कौशल आधारित गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सृजनात्मकता, आत्मनिर्भरता तथा व्यावहारिक कौशल का विकास करना था। इस दौरान विद्यार्थियों को पॉट पेंटिंग, मैक्रेमे द्वारा पॉट डेकोरेशन तथा फ्लावर मेकिंग जैसी आकर्षक गतिविधियाँ सिखाई गईं। इन सभी गतिविधियों का मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण फैशन डिजाइनर श्रीमती रश्मि अमोली, द्वारा अत्यंत कुशलतापूर्वक दिया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रत्येक चरण को धैर्यपूर्वक समझाया, आवश्यक तकनीकों का प्रदर्शन किया तथा स्वयं अभ्यास करवाकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, रुचि और समर्पण के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया। उन्होंने नई-नई कलाओं को ध्यानपूर्वक देखा, सीखा और अपने हाथों से सुंदर एवं आकर्षक वस्तुएँ तैयार कीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग की भावना तथा रचनात्मक सोच का स्पष्ट विकास देखने को मिला।

यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं आनंददायक सिद्ध हुआ और विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में एक नई ऊर्जा का संचार किया। इस अवसर पर गीतांजलि, चंचल वर्मा ,मीना उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button