मुनिकीरेती क्षेत्र में निकाली गई भव्य शाकाहारी जागरूकता रैली

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । ध्यान योग महाकुंभ में शामिल प्रतिभागियों एवं स्वामी नारायण आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को मुनिकीरेती क्षेत्र में भव्य शाकाहारी जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य लोगों को शाकाहार अपनाने, मांसाहार का त्याग करने और स्वस्थ, सात्विक एवं अहिंसक जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। रैली शीशमझाड़ी से शुरू होकर कैलाश गेट, जानकी झूला होते हुए स्वामी नारायण घाट पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। मार्ग में प्रतिभागियों ने शाकाहार के समर्थन में नारे लगाए, संदेश दिए और स्थानीय लोगों, दुकानदारों एवं पर्यटकों को शाकाहारी भोजन अपनाने के लिए प्रेरित किया। रैली को देखकर कई राहगीर भी इसमें शामिल हुए और शाकाहार के संकल्प को सराहा है । स्वामी नारायण आश्रम के अध्यक्ष सुनील भगत ने कहा कि आज आवश्यकता है कि विश्वभर में लोग मांसाहार का त्याग कर शाकाहार को अपनाएं। उन्होंने कहा कि शाकाहारी जीवनशैली से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मन भी शांत और सात्विक रहता है। इससे समाज में करुणा, अहिंसा, दया और जीवों के प्रति प्रेम की भावना बढ़ती है। कहा कि ध्यान, योग और आध्यात्मिक साधना के लिए सात्विक आहार अत्यंत आवश्यक है।

मांसाहार से मन में तामसिक प्रवृत्तियां बढ़ती हैं, जबकि शाकाहार से सकारात्मक ऊर्जा, एकाग्रता और आत्मिक शांति प्राप्त होती है। यही कारण है कि ऋषिकेश जैसे तीर्थ नगरी में शाकाहार का संदेश और अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है।
रैली में ध्यान योग महाकुंभ के प्रतिभागियों, स्वामी नारायण आश्रम से जुड़े साधकों, स्वयंसेवकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपरा, संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ते हैं।






























