Blog

CM धामी ने अंतरराष्ट्रीय योग फेस्टिवल का किया शुभारंभ

मुनिकीरेती / ऋषिकेश ।  ( राव शहजाद ) । मुनिकीरेती स्थित गंगा रिजॉर्ट में अंतरराष्ट्रीय योग फेस्टिवल का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया है । इस मौके पर बड़ी संख्या में देश व विदेशों से योग साधक मौजूद थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी देश विदेश से आए योग गुरु और साधकों का उत्तराखंड की योग धरती पर स्वागत किया। गौरतलब है कि गढ़वाल मंडल विकास निगम और पर्यटन मंत्रालय द्वारा इस इंटरनेशनल योगा फेस्टिवल को हर साल आयोजित किया जाता है जिसमें बड़ी संख्या में योग साधक पहुंचते है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव-2026 का शुभारंभ कर उपस्थित जनता, योगाचार्यों व योग साधकों को संबोधित किया और कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की यह पावन धरती प्राचीन काल से ही योग और अध्यात्म की भूमि रही है। यहां की पवित्र नदियां, शांत वातावरण और शुद्ध जलवायु योग साधना के लिए विश्व में एक आदर्श वातावरण प्रदान करती हैं। प्रदेश सरकार द्वारा देश की पहली योग नीति–2025 लागू की गई है, जिसके माध्यम से उत्तराखंड में योग एवं ध्यान केंद्रों की स्थापना के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। साथ ही योग, ध्यान एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए भी अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 300 आयुष्मान आरोग्य केंद्र और 62 वेलनेस सेंटर की स्थापना की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक जनपद में आयुष चिकित्सालय भी संचालित किए जा रहे हैं।

मौके पर कबीना मंत्री सतपाल महाराज, क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी महाराज सहित अन्य मौजूद रहे।


Related Articles

Back to top button