विधायक प्रेमचंद ने जल संस्थान के अधिकारियों के साथ की बैठक

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में जल संस्थान के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में अधिशासी अभियंता राजेश नरवाल, अपर सहायक अभियंता राहुल बिष्ट एवं साइट इंजीनियर देवेंद्र नेगी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान रायवाला क्षेत्र में पानी के बिलों में अनियमितताओं को लेकर प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से चर्चा की गई। अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में विशेष कैंप लगाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। इसके साथ ही अग्रवाल ने क्षेत्र में पानी की पाइपलाइनों में लीकेज की बढ़ती शिकायतों का संज्ञान लेते हुए पानी की बर्बादी रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर लीकेज की समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश भी दिए। अधिशासी अभियंता राजेश नरवाल ने विधायक को आश्वस्त करते हुए बताया कि 30 मार्च से क्षेत्र में कैंप आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा इसके अतिरिक्त दो अन्य स्थानों पर भी कैंप लगाए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।अग्रवाल ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मौके पर रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी, प्रतीत नगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, खांड गांव प्रधान प्रतिनिधि कुलदीप नेगी, गणेश रावत, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सुमन सहित अन्य उपस्थित रहे।
































