Blog

शहरी विकास की समीक्षा बैठक में महापौर शंभू ने उठाया लाल पानी बीट सड़क निर्माण का मुद्दा

देहरादून ( राव शहजाद ) । शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास विभाग की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर निकायों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेना और जनसुविधाओं को और बेहतर बनाना था। बैठक में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में चल रहे सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए सभी जनहित के कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। मंत्री ने स्वच्छता, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। बैठक में ऋषिकेश नगर निगम के महापौर शंभू पासवान ने अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को मजबूती से रखा। उन्होंने “लाल पानी बीट” सड़क निर्माण के लंबित मुद्दे को मंत्री एवं विभागीय सचिव के समक्ष उठाया है । महापौर ने कहा कि यह सड़क स्थानीय नागरिकों के दैनिक आवागमन और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने इस कार्य को अविलंब स्वीकृति देने और जल्द से जल्द निर्माण शुरू कराने की पुरजोर पैरवी की। मंत्री ने इस मांग पर गंभीरता से विचार का आश्वासन दिया। बैठक में ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों, जनसुविधाओं के विस्तार और नई परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। महापौर शंभू पासवान ने आश्वस्त किया कि मंत्री द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों के अनुरूप ऋषिकेश नगर निगम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। बैठक में नगर निकायों के समग्र विकास, शहरी आधारभूत सुविधाओं और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए।

मौके पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रदेश के सभी नगर निगमों के महापौर सहित अन्य उपस्थित रहे।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button