Blog

तीन दिवसीय अंग्रेजी संभाषण कार्यशाला का शुभारंभ हुआ

ऋषिकेश । सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास विकास ऋषिकेश में तीन दिवसीय अंग्रेजी संभाषण कार्यशाला का शुभारंभ हुआ है । कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति आत्मविश्वास विकसित करना, प्रभावी संवाद कौशल को बढ़ावा देना तथा उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है । कार्यशाला का शुभारंभ विद्या भारती के प्रदेश निरीक्षक विजयपाल , गढ़वाल संभाग निरीक्षक नत्थी लाल बंगवाल, कुमाऊँ संभाग निरीक्षक सुरेशानन्द जोशी, प्रांतीय लेखाकार प्रमुख कमल ,मेंटोर दीपक विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. शशि कुमार कंडवाल,प्रबंधक डॉ. गौरव वार्ष्णेय, प्रधानाचार्य उमाकांत पंत एवं अन्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी, पटका, माँ गंगा का स्मृति चिन्ह एवं गंगाजली भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।

प्रदेश निरीक्षक विजयपाल ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में अंग्रेजी भाषा का ज्ञान समय की आवश्यकता है, किंतु अंग्रेजी केवल भाषा है, ज्ञान का मापदंड नहीं। उन्होंने कहा कि विद्या भारती भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं आधुनिक शिक्षा का समन्वय करने वाला विश्व का सबसे बड़ा गैर-सरकारी शैक्षिक संगठन है, जो देशभर में हजारों विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त एवं राष्ट्रनिष्ठ शिक्षा प्रदान कर रहा है।
उन्होंने नई शिक्षा नीति (NEP-2020) का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्या भारती वर्षों से मातृभाषा आधारित शिक्षा, कौशल विकास, चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास, अनुभवात्मक शिक्षण एवं भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित शिक्षा पद्धति का सफल संचालन कर रही है। उन्होंने बताया कि विद्या भारती के पूर्व छात्र आज भारतीय प्रशासनिक सेवा, सेना, न्यायपालिका, चिकित्सा, अभियंत्रण, शिक्षा, विज्ञान, उद्योग, खेल एवं सामाजिक जीवन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएँ देकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के विद्यालय समय-समय पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शैक्षिक, सांस्कृतिक, खेलकूद तथा विज्ञान प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त करते रहे हैं। कार्यशाला में प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षुओं को अंग्रेजी में दैनिक जीवन के संवाद, शुद्ध उच्चारण, शब्दावली विकास, समूह चर्चा, मंच संचालन, सार्वजनिक भाषण एवं प्रभावी प्रस्तुतीकरण की विभिन्न तकनीकों का व्यवहारिक अभ्यास कराया। प्रशिक्षुओं ने पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी संभाषण गतिविधियों में सहभागिता की। मेंटोर(मार्गदर्शक )दीपक के चलने वाले मार्गदर्शन में दीपक जी ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यशाला के दौरान खेल-आधारित शिक्षण, समूह गतिविधियों, संवाद अभ्यास, प्रेरक सत्रों एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों की अंग्रेजी बोलने की दक्षता एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित प्रशिक्षुओं ने विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यशाला विद्यार्थियों के शैक्षणिक, बौद्धिक एवं व्यक्तित्व विकास में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी में संवाद करने के लिए प्रेरित करेगी। विद्यालय के मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना ने बताया कि इस कार्यशाला में विद्या भारती के विभिन्न संकुलों के विद्यालयों से वे आचार्य एवं आचार्याएँ प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं, जिन्होंने नोएडा में विद्या भारती द्वारा आयोजित 15 दिवसीय अंग्रेजी संभाषण प्रशिक्षण शिविर में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन मनोज रयाल ने किया। कार्यशाला में विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 130 प्रशिक्षुओं ने सहभागिता की। मौके पर प्रधानाचार्य लोकेंद्र अन्थवाल,अमरदीप ,इन्द्रपाल परमार समस्त अधिकारी एवं 130 प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button