Blog

डीआईपीएस में राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुई इंटर-हाउस क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर दून इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल ऋषिकेश में इंटर-हाउस क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप का आयोजन उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के लगभग 450 विद्यार्थियों ने जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रतिभाग किया। जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने लगभग 3 किलोमीटर, जबकि सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने 5 किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लिया। यह दौड़ आईडीपीएल में आयोजित की गई। बारिश के बावजूद विद्यार्थियों के उत्साह और जज्बे में कोई कमी नहीं आई। लगातार बारिश के बीच भी छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश, उमंग और दृढ़ संकल्प के साथ दौड़ लगाई और फिनिश लाइन तक पहुंचकर अपनी खेल भावना का परिचय दिया। इस आयोजन की एक खास बात यह रही कि दौड़ से आने के बाद विद्यार्थियों ने पूरे परिसर की सफाई की। बच्चों ने दौड़ के दौरान अपने द्वारा इस्तेमाल की गई प्लास्टिक की बोतलों और अन्य कचरे को एकत्र कर परिसर को स्वच्छ बनाया। विद्यार्थियों की इस पहल ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक संदेश दिया। खेल के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का यह भाव आयोजन की विशेष उपलब्धि रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के कैंपस डायरेक्टर संजय कुक्साल उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। पर्यावरणविद् एवं विद्यालय के निरंतर सहयोगी डॉ. विनोद जुगरान ने भी अपनी विशेष उपस्थिति से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया है । विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. तनुजा पोखरियाल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए उनके साथ दौड़ लगाई और प्रतिभागियों का अंतिम क्षण तक उत्साह बढ़ाया। विद्यार्थियों के साथ उनकी सहभागिता आयोजन का विशेष आकर्षण रही। प्रतियोगिता को सफल बनाने में विद्यालय परिवार एवं सभी सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के सीनियर बालक वर्ग में पवन हाउस के सिद्धार्थ रावत ने 22:41 मिनट के समय के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पवन हाउस के आयुष रावत द्वितीय और आकाश हाउस के ऋषभ पुंडोरा तृतीय स्थान पर रहे।
सीनियर बालिका वर्ग में पवन हाउस की वैभवी कोठियाल ने 29:17 मिनट के समय के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। आकाश हाउस की अनिष्का राणा ने द्वितीय तथा पवन हाउस की परीनीता कंडियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग में अग्नि हाउस के सुशांत ओली ने 12:49 मिनट के समय के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। पवन हाउस के शौर्य त्रिपाठी द्वितीय और पृथ्वी हाउस के अन्मय तृतीय स्थान पर रहे।
वहीं जूनियर बालिका वर्ग में आकाश हाउस की रुबिका पवार ने 16:18 मिनट के समय के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। अग्नि हाउस की तेजस्वी ने द्वितीय तथा पृथ्वी हाउस की पिहू बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की ओर से सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई दी गई।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में अनुशासन, सहनशक्ति, आत्मविश्वास, टीम भावना, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और कभी हार न मानने के जज्बे को और मजबूत किया।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button