अटाली, ब्यासी में 14 दिवसीय MSDP का सफल समापन, महिलाओं को किए प्रमाण पत्र वितरित

नरेंद्रनगर । भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII), अहमदाबाद द्वारा क्रियान्वित एवं रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) द्वारा समर्थित प्रोजेक्ट प्रगति: महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत ग्राम अटाली, ब्यासी में आयोजित 14 दिवसीय सूक्ष्म कौशल उद्यमिता विकास कार्यक्रम (MSDP) का 25 नवंबर 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर आयोजित प्रमाण पत्र वितरण समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास, उद्यमिता एवं बाजार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके लिए स्वरोजगार एवं आय सृजन के नए अवसर विकसित करना था। समापन समारोह में अटाली के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राकेश सिंह एवं ब्यासी RVNL के अधिकारी पुलकित अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की। अतिथियों ने प्रतिभागी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए मिलेट्स आधारित उत्पादों का अवलोकन किया तथा उनकी गुणवत्ता, स्वाद एवं प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने महिलाओं को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का उपयोग कर समूह आधारित उद्यम स्थापित करने और स्थानीय उत्पादों को बेहतर पैकेजिंग एवं मार्केटिंग के माध्यम से बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। 14 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को 6 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण (EDP) एवं 8 दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। तकनीकी प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मंडुवा एवं अन्य स्थानीय मिलेट्स से कुकीज़, नमकीन, केक, लड्डू सहित विभिन्न मूल्यवर्धित खाद्य उत्पाद तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके अतिरिक्त उद्यमिता की अवधारणा, व्यवसायिक अवसरों की पहचान, लागत निर्धारण एवं मूल्य निर्धारण, पैकेजिंग, बिक्री संवर्धन, सोशल मीडिया मार्केटिंग तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को केवल उत्पाद निर्माण तक सीमित न रखते हुए बाजार की आवश्यकताओं, उत्पादों की गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग एवं विपणन के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया गया। RVNL अधिकारियों ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने एवं सामूहिक रूप से उद्यम संचालन के लिए प्रोत्साहित किया। भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII) के परियोजना अधिकारी दिलीप सिंह कुशवाह ने कार्यक्रम की उपलब्धियों एवं प्रोजेक्ट प्रगति के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कौशल, उद्यमिता एवं बाजार से जोड़कर स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने मिलेट्स आधारित उत्पादों के निर्माण के साथ-साथ लागत एवं मूल्य निर्धारण, पैकेजिंग, बिक्री तथा विपणन से संबंधित महत्वपूर्ण व्यावहारिक कौशल अर्जित किए हैं। ये कौशल महिलाओं को भविष्य में व्यक्तिगत अथवा समूह आधारित उद्यम स्थापित करने में सहायक होंगे। समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थी महिलाओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव साझा करते हुए मिलेट्स आधारित उत्पादों का उत्पादन एवं विपणन शुरू करने तथा समूह के रूप में कार्य कर अपनी आय बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि प्रोजेक्ट प्रगति के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास, उद्यमिता, उत्पाद मूल्य संवर्धन एवं बाजार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

अटाली में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को स्थानीय संसाधनों एवं पारंपरिक अनाजों, विशेषकर मिलेट्स, के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर विकसित करने तथा आत्मनिर्भर उद्यमी बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
[banner id="1202"]






































