संविधान दिवस पर रेड फोर्ट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में किया वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन

ऋषिकेश । संविधान दिवस के पावन अवसर पर रेड फोर्ट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, ऋषिकेश में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के प्रति जागरूक करने तथा उनमें तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को विकसित करने के उद्देश्य से एक वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, लोकतंत्र, समानता एवं नागरिक जिम्मेदारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने पक्ष एवं विपक्ष में अपने तर्क रखते हुए विषय की गहन समझ, आत्मविश्वास और वाकपटुता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व से परिचित कराना तथा उन्हें एक जागरूक, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या तरंग बेली, उप-प्रधानाचार्य देवेंद्र बिष्ट, एकेडमिक हेड अमित गांधी, जिन कुमार, विशाल कटकर, रतनलाल एवं रेखा बिष्ट उपस्थित रहे।प्रधानाचार्या तरंग बेली ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डाला है । उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को भारतीय संविधान की मूल भावना को समझना चाहिए और अपने जीवन में अनुशासन, समानता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व जैसे मूल्यों को अपनाना चाहिए। वही उप-प्रधानाचार्य देवेंद्र बिष्ट ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह हमें न केवल अधिकार प्रदान करता है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध भी कराता है। विद्यार्थियों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को अपने व्यवहार एवं जीवनशैली में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माता हैं। एकेडमिक हेड अमित गांधी ने कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि अपने संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने और उनका सम्मान करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में स्वतंत्र चिंतन, तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। इस प्रकार की वाद-विवाद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक सोच को मजबूत करती हैं। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में हुआ।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले शिक्षकों की सराहना की। मौके पर विद्यालय के शिक्षकगण मनोज रावत, लोकेंद्र नौटियाल, नीरज चौधरी, मनोज बिष्ट, राजेंद्र तुड़ी सहित उपस्थित रहे।
[banner id="1202"]






































