Blog

पुलिस ने लाखों रुपये की चोरी के मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । ऋषिकेश के गीतानगर स्थित गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट, एयर स्पीकर और स्मार्ट वॉच बरामद किए गए हैं। इस प्रकरण में अब तक पुलिस कुल छह आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इससे पहले चार आरोपियों से 30 मोबाइल फोन, तीन एचपी लैपटॉप और एक एप्पल आईपैड बरामद किया गया था । पुलिस के अनुसार 6 नवंबर को शिवाजी नगर निवासी अश्वनी गुप्ता ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दी थी कि 6 नवंबर की रात दो से चार बजे के बीच अज्ञात चोरों ने ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर स्थित उनकी दुकान गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड का शटर तोड़कर मोबाइल फोन, एचपी लैपटॉप और डेमो फोन चोरी कर लिए। शिकायत पर मुकदमा अपराध संख्या 585/2026 में बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। चोरी के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निर्देशन में टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और पुराने अपराधियों से मिलान किया।
9 नवंबर को पुलिस ने आईडीपीएल गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान घेराबंदी कर चार आरोपियों नितिन दास निवासी मुर्गी फार्म रायवाला, अभिषेक थापा निवासी प्रतीत नगर रायवाला, योगेंद्र उर्फ दीपक निवासी अहबाबनगर ज्वालापुर और रोहन निवासी लालतप्पड़ डोईवाला को गिरफ्तार किया था।
इन्हीं से पूछताछ में सामने आए अन्य आरोपियों की तलाश में 14 नवंबर को उपनिरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में टीम ने रायवाला में चाय की टपरी के पास से शेखर चौधरी उर्फ प्रिंस (26) निवासी प्रतीत नगर रायवाला को पकड़ा। उसके पास से सैमसंग मोबाइल बरामद हुआ, जिसका आईएमईआई नंबर दुकान के बिल से मिला। पूछताछ में उसने बताया कि मोबाइल उसे अभिषेक ने दिया था। इसके बाद पुलिस ने नेपाली फार्म की ओर जा रहे संजीव उर्फ संदीप उर्फ हेलमेट (19) निवासी प्रतीत नगर रायवाला को पकड़ा।

उसके पिट्ठू बैग से एक इनफिनिक्स जीटी मोबाइल, एक एचपी लैपटॉप, एक इनफिनिक्स एक्सपैड टैबलेट, दो जेबीएल एयर स्पीकर और एक फास्टट्रैक स्मार्ट वॉच बरामद हुई। संजीव ने चोरी में शामिल होना स्वीकार किया और बताया कि वह सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया ।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button