गरीबों के निवाले से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस । जयेन्द्र रमोला

ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र की कई सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों में गरीब परिवारों को वितरित किए जा रहे सरकारी गेहूं में भारी मात्रा में घुन और कीड़े पाए जाने की शिकायतों ने खाद्य आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकारी राशन के गेहूं में घुन लगे होने की खबर सामने आने के बाद उपभोक्ताओं में नाराजगी है । यह कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने बताया है । मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और खाद्य आपूर्ति विभाग पर तीखा हमला बोला है । वही उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव जयेन्द्र चन्द्र रमोला ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीबों को मिलने वाले राशन की गुणवत्ता तक सुरक्षित नहीं रह गई है। जिन गरीब परिवारों के लिए सरकार राशन उपलब्ध कराने का दावा करती है, उन्हीं परिवारों को घुन लगा और खराब गेहूं वितरित किया जा रहा है। यह बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
जयेंन्द्र रमोला ने कहा कि गरीब आदमी के राशन में घुन लगना केवल विभागीय लापरवाही नहीं, बल्कि गरीबों के अधिकारों और उनके सम्मान के साथ सीधा खिलवाड़ है। आखिर खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी और निरीक्षक किस बात का वेतन ले रहे हैं? राशन गोदामों से लेकर सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों तक खाद्यान्न की गुणवत्ता की जांच करने की जिम्मेदारी किसकी है? उन्होंने कहा की यदि राशन वितरण से पहले गुणवत्ता की जांच नहीं की जा रही तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती?उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा राशन विक्रेताओं को खाद्यान्न के उचित रखरखाव के निर्देश देना अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास है। विभाग यह स्पष्ट करे कि खराब गेहूं सरकारी गोदामों से दुकानों तक कैसे पहुंचा और बिना गुणवत्ता जांच के गरीब उपभोक्ताओं को वितरित करने के लिए कैसे भेज दिया गया। केवल निर्देश जारी करने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती, बल्कि दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदेश महासचिव ने मांग की कि ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र की सभी सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों और संबंधित गोदामों में रखे खाद्यान्न की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। जिन दुकानों पर घुन लगा गेहूं वितरित किया गया है, वहां तत्काल गुणवत्तायुक्त गेहूं उपलब्ध कराया जाए तथा इस पूरे मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस गरीब और जरूरतमंद परिवारों के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी। यदि सरकार और खाद्य आपूर्ति विभाग ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होगी।
[banner id="1202"]







































