मुख्यमंत्री ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की भेंट

देहरादून ( राव शहजाद ) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखण्ड के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड सामरिक, आध्यात्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है। राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों एवं सीमित वित्तीय संसाधनों को देखते हुए केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान कर रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को देवभूमि की समृद्ध लोककला और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उपहार भेंट किए। इनमें मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा, उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा एवं लाल चावल शामिल रहे। इसके साथ ही हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता को प्रदर्शित करती माँ गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की। मुख्यमंत्री ने EAP Capping से छूट, चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार, दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के लिए रोड कम रेल ट्रैक टनल, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन का सर्वेक्षण, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण तथा ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन पर विचार करने का अनुरोध किया। उन्होंने किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान की स्थापना का भी अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कुंभ-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये, SASCI के तहत लगभग 9,500 करोड़ रुपये, RDSS योजना के तहत 3,436.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति, चम्पावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये, देहरादून रिंग रोड, देहरादून-मसूरी रोपवे, देहरादून से हरिद्वार तक RRTS विस्तार के लिए फिजिबिलिटी स्टडी सहित विभिन्न परियोजनाओं में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश एवं त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। तीन नए आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र चिह्नित किए गए हैं। शीतकालीन यात्रा में 73 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जबकि आदि कैलाश में 73,041 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

उन्होंने यह भी बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड का टर्नओवर 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में छोटे राज्यों की श्रेणी में उत्तराखण्ड प्रथम स्थान पर रहा है।
[banner id="1202"]







































