तीन वर्षों से लापता व्यक्ति को टिहरी पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलवाया

मुनिकीरेती ( राव शहजाद ) । कोतवाली देवप्रयाग क्षेत्रांतर्गत गौशाला के समीप एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। इसी दौरान गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में रवाना पुलिस टीम में नियुक्त होमगार्ड जवान सुमित भट्ट की नजर उक्त व्यक्ति पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए व्यक्ति को सुरक्षित कोतवाली लाकर भोजन कराया तथा उसे सहज किया। इसके पश्चात देवप्रयाग पुलिस द्वारा उक्त व्यक्ति से बेहद संवेदनशीलता एवं मानवीय व्यवहार के साथ पूछताछ की गई तथा ऑनलाइन माध्यम से जानकारी जुटाई गई। जांच में व्यक्ति की पहचान योगेश चंद्र मिश्रा पुत्र रमेश चंद्र मिश्रा, निवासी ग्राम सोल डूंगरी, पोस्ट ऑफिस डूंगरी, थाना थराली, जनपद चमोली के रूप में हुई।जानकारी करने पर पता चला कि उक्त व्यक्ति विगत लगभग 03 वर्षों से लापता था, जिसके संबंध में थाना थराली, जनपद चमोली में गुमशुदगी क्रमांक 12/23 एवं मुकदमा अपराध संख्या 03/24 पंजीकृत है। देवप्रयाग पुलिस द्वारा तत्काल थाना थराली पुलिस एवं गुमशुदा व्यक्ति के परिजनों से संपर्क कर उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही योगेश चंद्र मिश्रा के पिता श्री रमेश चंद्र मिश्रा कोतवाली देवप्रयाग पहुंचे, जहां पुलिस द्वारा योगेश चंद्र मिश्रा को सकुशल उनके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपने पुत्र को लगभग तीन वर्षों बाद सकुशल पाकर पिता श्री रमेश चंद्र मिश्रा भावुक हो उठे। उन्होंने देवप्रयाग पुलिस एवं कोतवाली में नियुक्त पुलिस कार्मिकों की इस सराहनीय कार्य के लिए हृदय से प्रशंसा करते हुए उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया। देवप्रयाग पुलिस के इस मानवीय एवं सराहनीय कार्य की स्थानीय जनता द्वारा भी भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस का यह कार्य केवल कर्तव्य निर्वहन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मित्र पुलिस के वास्तविक स्वरूप को दर्शाता है, जिसने तीन वर्षों से बिछड़े एक व्यक्ति को उसके परिवार से मिलाकर उनके जीवन में पुनः खुशियां लौटाई हैं।

टिहरी पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सदैव जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
[banner id="1202"]







































