अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस का विरोध , कल देहरादून में बाइक रैली

ऋषिकेश ( राव शहजाद ) । अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। इस मामले में कथित वीआईपी के नाम को लेकर उठ रहे सवालों और दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है । महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, कांग्रेस प्रदेश सचिव जयेंद्र रमोला एवं परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग कर रहे उसके माता-पिता और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ खड़े होना हर संवेदनशील नागरिक का दायित्व है। उन्होंने दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के फैसले पर सवाल उठाते हुए नियुक्ति रद्द करने को कहा है l
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दिल्ली के इंडिया गेट के निकट अंकिता भंडारी के माता-पिता, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों ने धरना देकर न्याय की मांग उठाई। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की और उन्हें न्याय की लड़ाई में समर्थन दिया। बताया की कांग्रेस नेताओं के अनुसार, सुबह करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच दिल्ली पुलिस ने अंकिता के माता-पिता, कांग्रेस नेताओं और अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचाया। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आवाज उठाने वालों के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार किया जाना चाहिए। इस प्रकरण में सामने आए सवालों का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान होना आवश्यक है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और जनता का कानून व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे। आज छिद्दरवाला में होगा पुतला दहन, कल देहरादून में बाइक रैली
कांग्रेस नेताओं ने जानकारी दी कि इसी मुद्दे को लेकर 15 अक्टूबर की शाम छिद्दरवाला में दुष्यंत कुमार गौतम का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। वहीं, कल 16 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व में देहरादून में बाइक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय से जुड़ा विषय है। उन्होंने मांग की कि मामले से जुड़े सभी सवालों का निष्पक्षता से समाधान किया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी और अंकिता भंडारी के माता-पिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
[banner id="1202"]






























