Blog

पैचवर्क कार्यों की गुणवत्ता पर नगर आयुक्त की सीधी निगरानी

हरिद्वार ( राव शहजाद ) । नगर निगम हरिद्वार द्वारा नगर निगम क्षेत्र के सभी 60 वार्डों में पैचवर्क कार्य कराया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को नगर आयुक्त नंदन कुमार IAS द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे पैचवर्क कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खन्ना नगर में पैचवर्क से संबंधित कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। इस पर संबंधित अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए गए तथा संबंधित अवर अभियंता (JE) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त नंदन कुमार, IAS ने सभी संबंधित अधिकारियों को नगर निगम क्षेत्र में चल रहे पैचवर्क कार्यों का दैनिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि पैचवर्क निर्धारित मानकों के अनुरूप हो। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सभी पैचवर्क कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा निरीक्षण के दौरान कमी पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम प्रशासन द्वारा 60 वार्डों में चल रहे पैचवर्क कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं जनहित के अनुरूप पूर्ण किए जा सकें।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button