Blog

जनप्रतिनिधियों ने पुलिस से की शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग

ऋषिकेश। भट्टोवाला में कुछ दिन पूर्व हुए गोलीकांड की घटना ने पूरे क्षेत्र में चिंता और भय का वातावरण उत्पन्न कर दिया था। इस घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जनता लगातार दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग कर रही थी। पुलिस प्रशासन द्वारा उक्त गोलीकांड में शामिल आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए जाने पर क्षेत्रवासियों ने संतोष व्यक्त किया है। कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने श्यामपुर पुलिस चौकी पहुंचकर पुलिस प्रशासन से मुलाकात की जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र सदैव शांति, सौहार्द और भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है। ऐसे में भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध हथियारों का प्रयोग, नशे का कारोबार अथवा क्षेत्र की शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ निरंतर और कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
रमोला ने बताया कि श्यामपुर पुलिस चौकी में पुलिस प्रशासन को अवगत कराया गया कि क्षेत्र की जनता अपराध और अपराधियों के खिलाफ पूरी तरह एकजुट है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। साथ ही यह भी मांग की गई कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान चलाकर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाए।

प्रदर्शनकारियों में प्रधान संगठन के अध्यक्ष गोकुल रमोला, ग्राम प्रधान संगीता राणा, पूर्व ग्राम प्रधान सतीश रावत, दिनेश चन्द्र मास्टर, ग्राम प्रधान बॉबी रांगढ, ग्राम प्रधान किशोरी पैन्यूली, दिनेश पंवार, आशीष बिष्ट, लालमणि रतूड़ी, सीताराम रणाकोटी, हिमांशु पंवार, विनोद चौहान, अरूण बिष्ट, विजयपाल रावत, विजयपाल पंवार, राजेन्द्र गैरोला, शीशपाल रावत, मनोज गुसाँई सहित अन्य मौजूद रहे ।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button