Blog

एसएसपी श्वेता चौबे ने पुलिस बल को ब्रीफ कर , सेवा, सतर्कता एवं शालीनता के साथ ड्यूटी निभाने के दिए निर्देश

मुनिकीरेती ( राव शहजाद ) । श्रावण मास कांवड़ मेला-2026 के सकुशल एवं सुरक्षित संचालन को लेकर टिहरी पुलिस ने अपनी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जय गंगा मैया” के उद्घोष एवं भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे द्वारा ओंकारानंद सरस्वती निलायम स्कूल, कैलाश गेट में मेला ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग ली गई। ब्रीफिंग के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ यात्रा सेवा, अनुशासन और जनविश्वास का महापर्व है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे दृढ़ता एवं शालीनता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। श्रद्धालुओं के साथ सदैव विनम्र, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखें, वहीं कानून-व्यवस्था भंग करने वाले अथवा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पूरी सख्ती एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालु जब अपनी यात्रा पूर्ण कर वापस लौटें, तो वे टिहरी पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली, अनुशासित व्यवस्था, सेवा भाव एवं उत्तराखण्ड की “अतिथि देवो भवः” की संस्कृति की सकारात्मक छवि अपने साथ लेकर जाएं। यही टिहरी पुलिस का उद्देश्य और सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था, स्नान घाटों की सुरक्षा, संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आपसी समन्वय बनाए रखें। कंट्रोल रूम से प्राप्त प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ निरंतर संपर्क में रहकर जिम्मेदारीपूर्वक ड्यूटी का निर्वहन करें।

*550 से अधिक सुरक्षा कर्मियों की रहेगी तैनाती*

कांवड़ मेले की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं बहुस्तरीय बनाने के लिए 550 से अधिक पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, पीआरडी, रिक्रूट आरक्षियों एवं अन्य सुरक्षा बलों को मेला क्षेत्र एवं यात्रा मार्गों पर तैनात किया गया है। मुनिकीरेती, नरेंद्रनगर, चम्बा, छाम, देवप्रयाग एवं कीर्तिनगर थाना क्षेत्रों में राजपत्रित अधिकारियों, निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों, मुख्य आरक्षियों, आरक्षियों, महिला पुलिस, रिक्रूट आरक्षियों, होमगार्ड एवं पीआरडी जवानों को विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर नियुक्त किया गया है, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित की जा सके।

*श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं*

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए 12 पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है। आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराने हेतु 05 खोया-पाया केन्द्र तथा शिवानंद गेट पर विशेष पूछताछ केन्द्र स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र एवं यात्रा मार्गों पर 07 मोबाइल पुलिस पार्टियां लगातार भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सहायता सुनिश्चित करेंगी।

*आधुनिक तकनीक, साइबर निगरानी एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था*

संपूर्ण मेला क्षेत्र की निगरानी 68 सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से चौबीसों घंटे की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से त्वरित रूप से निपटने के लिए QRT (Quick Response Team) को सक्रिय रखा गया है। कंट्रोल रूम से प्राप्त प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इसके साथ ही साइबर कमांडो एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को भी विशेष रूप से तैनात किया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सतत निगरानी रखते हुए किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह, आपत्तिजनक अथवा अवांछित गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। अफवाह फैलाने वालों एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

*स्नान घाटों पर विशेष सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था*

गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए SDRF एवं पुलिस की बचाव एवं राहत टीमें स्नान घाटों पर विशेष रूप से तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल रेस्क्यू एवं राहत कार्य किया जा सके। जल पुलिस एवं अन्य आपदा प्रबंधन इकाइयों को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

*ऑपरेशन क्लीन, सत्यापन अभियान एवं फायर सेफ्टी पर विशेष फोकस*

कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से ऑपरेशन क्लीन के अंतर्गत समय-समय पर अभियान चलाकर अतिक्रमण, अवैध गतिविधियों एवं अव्यवस्थाओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। होटल, धर्मशाला, ढाबों, किरायेदारों एवं संदिग्ध व्यक्तियों का सघन सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा।

मेला क्षेत्र में स्थापित शिविरों, होटल, धर्मशालाओं एवं अन्य प्रतिष्ठानों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराया गया है तथा अग्निशमन विभाग की टीमें आवश्यक संसाधनों एवं उपकरणों के साथ तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

कांवड़ मेले के सफल संचालन हेतु पुलिस के साथ-साथ जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय, परिवहन विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान, SDRF, अग्निशमन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी समन्वित रूप से कार्य करेंगे, जिससे श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें। अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “टिहरी पुलिस का उद्देश्य केवल सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु को सेवा, सुरक्षा और सम्मान का ऐसा अनुभव देना है कि वह अपने राज्य लौटते समय उत्तराखण्ड और टिहरी पुलिस की एक सकारात्मक, अनुशासित एवं भरोसेमंद छवि अपने साथ लेकर जाए।” उन्होंने सभी कार्मिकों से सेवा भाव, अनुशासन, संवेदनशीलता एवं पूर्ण सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया है ।

[banner id="1202"]

Related Articles

Back to top button